
उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले के झंगहा थाना क्षेत्र में गुरुवार की सुबह मिली 35 वर्षीय महिला की न्यूड डेडबॉडी मामले में एक बड़ा अपडेट सामने आया है। पुलिस जांच में रेलवे के एक कर्मचारी की संलिप्तता का पता चला है, जिसके बाद पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार ताबड़तोड़ छापेमारी कर रही है। करीब 100 पुलिसकर्मियों ने 500 से ज्यादा सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसके बाद पुलिस को यह अहम सुराग हाथ लगा। फुटेज में मृतका को आखिरी बार उसी रेलकर्मी के साथ स्कूटी पर जाते देखा गया है।
रेलवे स्टेशन पर हुई थी मुलाकात, देवरिया रूट पर गए थे दोनों
पुलिस द्वारा जुटाई गई जानकारी के अनुसार, मृतका संभवतः पहली बार गोरखपुर आई थी। बुधवार रात वह इंटरसिटी एक्सप्रेस से गोरखपुर रेलवे स्टेशन पर उतरी थी, जहां उसकी मुलाकात आरोपी रेलकर्मी से हुई। इसके बाद दोनों एक ही स्कूटी पर सवार होकर देवरिया रोड की ओर निकले। अलग-अलग स्थानों पर लगे कैमरों में दोनों को देखा गया और प्राथमिक जांच में सामने आया है कि दोनों ने शराब का सेवन किया था। आशंका जताई जा रही है कि दुष्कर्म के बाद विवाद होने पर महिला की नाक और मुंह दबाकर हत्या कर दी गई।
आज होगा पोस्टमार्टम, 72 घंटे बाद भी शिनाख्त की कोशिश जारी
घटना के 72 घंटे बीत जाने के बाद भी महिला की पहचान नहीं हो सकी है। रविवार को शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है, जिससे मौत के सटीक कारणों का पता चल सकेगा। एसपी नार्थ ज्ञानेंद्र के मुताबिक, मोबाइल सर्विलांस, तकनीकी जांच और सीडीआर (CDR) के जरिए कड़ियां जोड़ी जा रही हैं। महिला की लोकेशन पहले दिल्ली, वाराणसी और फिर लखनऊ के चारबाग स्टेशन पर मिली थी।
स्थानीय लोगों ने रात 11 बजे देखा था, तलाश में जुटी पुलिस
स्थानीय प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बुधवार रात करीब 11 बजे झंगहा के गहिरा क्षेत्र में सड़क किनारे एक महिला और पुरुष को स्कूटी रोककर बातचीत करते देखा गया था। इसके बाद सुबह गहिरा के भूमिहारी टोला जाने वाले रास्ते पर महिला का शव बरामद हुआ। पुलिस की कई टीमें गठित कर दी गई हैं और संदिग्ध रेलवे कर्मचारी को जल्द गिरफ्तार करने का दावा किया जा रहा है।














