चरित्र पर शक में सनकी प्रेमी का खौफनाक कदम, होटल के कमरे में प्रेमिका को कैंची से गोदा; खुदकुशी की कोशिश

असम के कामरूप ग्रामीण जिले स्थित रंगिया रेलवे स्टेशन के पास एक होटल के कमरे में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। चरित्र पर संदेह के चलते 22 वर्षीय युवक ने अपनी 23 वर्षीय प्रेमिका की कैंची और नुकीले टेस्टर से गोदकर निर्मम हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने खुद की भी जीवन लीला समाप्त करने का प्रयास किया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को हिरासत में लेकर अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां उसकी हालत पर नजर रखी जा रही है।

होटल के कमरे में मिला खून से लथपथ शव पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, मृतका की पहचान सोनितपुर जिले के हुगराजूली निवासी मालिनी गुरिया के रूप में हुई है। वहीं, आरोपी युवक की पहचान उदलगुरी निवासी अभिजीत किंडो के तौर पर दर्ज की गई है। रविवार सुबह रंगिया पुलिस को रेलवे इंस्पेक्टर के माध्यम से होटल में इस घटना की जानकारी मिली। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने कमरे का दरवाजा खोला तो अंदर मालिनी का शव खून से लथपथ हालत में मिला, जिसके शरीर पर पैने हथियारों से वार के दर्जनों गंभीर निशान मौजूद थे।

साजिश के तहत होटल में रुका था आरोपी प्रारंभिक तफ्तीश में खुलासा हुआ है कि मालिनी शनिवार रात अपनी दो महिला मित्रों के साथ चेन्नई से ट्रेन द्वारा रंगिया स्टेशन पहुंची थी। आरोपी अभिजीत उन्हें स्टेशन पर लेने आया था और उसने उसी होटल में अपने लिए एक अलग कमरा बुक कराया था। देर रात मौका पाकर वह मालिनी के कमरे में दाखिल हुआ। पुलिस हिरासत में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि उसे अपनी प्रेमिका के किसी अन्य व्यक्ति से संपर्क में होने का शक था। उसने स्टेशन पहुंचने से पूर्व ही हत्या का पूरा खाका तैयार कर लिया था। रविवार तड़के वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने खुद मृतका की सहेलियों को फोन कर हत्या और अपनी खुदकुशी की योजना की जानकारी दी थी।

फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य, जांच जारी घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए गुवाहाटी से विशेष फॉरेंसिक विशेषज्ञों की टीम ने मौके पर पहुंचकर वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम प्रक्रिया के लिए गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेज दिया है। परिजनों को घटना की आधिकारिक सूचना दे दी गई है। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अधिकारी आरोपी से पूछताछ कर घटनाक्रम से जुड़े तमाम पहलुओं की गहनता से जांच कर रहे हैं।

 

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment

Are you human? Please solve:Captcha