छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली एक ऐसी खौफनाक वारदात सामने आई है, जिसे जानकर किसी की भी रूह कांप जाए। यहां एक कसाई बने पति ने अपनी 23 वर्षीय गर्भवती पत्नी की बेहद बर्बरता से हत्या कर दी। आरोपी ने पहले तो पत्नी को लहूलुहान होने तक पीटा और फिर हैवानियत की सारी हदें पार करते हुए उसके निजी अंग (प्राइवेट पार्ट) में 10 इंच लंबा लोहे का धारदार औजार (हेक्सॉ ब्लेड) डाल दिया। इस जघन्य कृत्य के कारण अत्यधिक खून बहने से महिला और उसके गर्भ में पल रहे मासूम शिशु की तड़प-तड़प कर मौत हो गई। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है, जिसने पूछताछ में अपना जुर्म कबूल कर लिया है।
4 साल की मासूम बेटी बनी चश्मदीद, बयां की पिता की दरिंदगी
इस खौफनाक हत्याकांड का सबसे दर्दनाक पहलू यह है कि जब आरोपी इस हैवानियत को अंजाम दे रहा था, तब उसकी 4 साल की मासूम बेटी सब कुछ अपनी आंखों से देख रही थी। वह अपनी मां को बचाने के लिए चीखती-चिल्लाती रही, लेकिन कलयुगी पिता पर खून सवार था। घटना के बाद इस मासूम बच्ची ने ही पुलिस और परिजनों को पूरी सच्चाई बताई, जिसके बाद इस खौफनाक वारदात का पर्दाफाश हुआ। आरोपी की पहचान प्रदीप अगरिया के रूप में हुई है, जिसने अपनी पत्नी हीराबाई को तड़पा-तड़पा कर मौत के घाट उतारा।
सच छिपाने के लिए डॉक्टरों को सुनाई सड़क हादसे की झूठी कहानी
वारदात को अंजाम देने के बाद शातिर आरोपी प्रदीप अगरिया ने कानून से बचने के लिए एक सोची-समझी साजिश रची। जब हीराबाई दर्द से तड़पते हुए बेहोश हो गई, तो वह उसे मोटरसाइकिल पर लादकर अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर पहुंचा। वहां उसने डॉक्टरों को गुमराह करने के इरादे से बताया कि उसकी पत्नी एक सड़क दुर्घटना (रोड एक्सीडेंट) में गंभीर रूप से घायल हो गई है। हालांकि, जांच के बाद डॉक्टरों ने महिला को मृत घोषित कर दिया। जैसे ही आरोपी को पता चला कि उसकी पत्नी की मौत हो चुकी है, वह अस्पताल से चुपचाप फरार हो गया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुली पोल, प्राइवेट पार्ट से निकला 10 इंच का हेक्सॉ ब्लेड
आरोपी के भागने के बाद पुलिस को शक हुआ और अगले दिन परिजनों की मौजूदगी में शव का पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आते ही डॉक्टरों और पुलिस के पैरों तले जमीन खिसक गई। अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज के फॉरेंसिक मेडिसिन विभाग के पोस्टमॉर्टम सर्जन डॉ. संतु बाग ने चौंकाने वाला खुलासा करते हुए बताया कि मृतका हीराबाई तीन महीने की गर्भवती थी। उसके शरीर पर बेरहमी से पिटाई के लगभग 17 गंभीर बाहरी चोटों के निशान थे। सबसे खौफनाक बात यह थी कि डॉक्टरों ने महिला के प्राइवेट पार्ट से लोहे की लगभग 10 इंच लंबी हेक्सॉ ब्लेड बरामद की। डॉक्टरों के मुताबिक, अंदरूनी अंगों के कटने और अत्यधिक रक्तस्त्राव (बिल्डिंग) होने के कारण ही महिला और उसके गर्भस्थ शिशु की जान गई।
5 साल पहले हुआ था प्रेम विवाह, शराब की लत ने उजाड़ा परिवार
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी प्रदीप अगरिया और हीराबाई की शादी लगभग पांच साल पहले हुई थी। दोनों ने समाज के खिलाफ जाकर प्रेम विवाह किया था और उनकी एक चार साल की बेटी भी है। लेकिन शादी के कुछ समय बाद ही प्रदीप को शराब की लत लग गई। वह अक्सर शराब के नशे में धुत होकर घर आता था और अपनी पत्नी के चरित्र पर शक करते हुए उसके साथ बेरहमी से मारपीट करता था। घटना वाली रात भी उसने शराब के नशे में इस हैवानियत को अंजाम दिया। पुलिस ने फॉरेंसिक टीम की मदद से हत्या में इस्तेमाल ब्लेड को जब्त कर लिया है और आरोपी को जेल भेजकर मामले की फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई की तैयारी की जा रही है।










