
जयपुर। राजस्थान की राजधानी जयपुर से एक बेहद रूह कंपा देने वाले सड़क हादसे की खबर सामने आई है। यहाँ अजमेर-जयपुर हाईवे पर स्थित हीरापुरा 200 फीट रोड पर एक तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रोले ने सड़क किनारे बैठे एक ही परिवार को बेरहमी से रौंद डाला। इस भीषण दुर्घटना में तीन मासूम बच्चों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उनके माता-पिता गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घटना के बाद हाईवे पर चीख-पुकार मच गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें तुरंत मौके पर पहुँचीं और राहत कार्य शुरू किया।
दिल्ली से अजमेर जा रहा था ट्रोला, अचानक खोया नियंत्रण
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, यह खौफनाक हादसा सुबह के वक्त हुआ, जब हाईवे पर गाड़ियों की आवाजाही सामान्य थी। दिल्ली की तरफ से आ रहा एक भारी-भरकम ट्रेलर (ट्रोला) बेहद तेज गति में था। जैसे ही वह हीरापुरा 200 फीट बत्ती के पास पहुँचा, अचानक चालक ने गाड़ी पर से अपना नियंत्रण खो दिया। बेकाबू हो चुका ट्रोला सीधे सड़क किनारे खड़े और बैठे लोगों को कुचलते हुए आगे निकल गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बच्चों को संभलने तक का मौका नहीं मिला।
गाड़ी का इंतजार कर रहे थे मासूम, पल भर में उजड़ गई दुनिया
जयपुर ट्रैफिक पुलिस के एसीपी (ACP) अमीन हसन ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया, “यह दुखद घटना सुबह करीब 9 बजे की है। एक परिवार, जिसमें पति-पत्नी और उनके तीन छोटे बच्चे शामिल थे, वह सड़क किनारे खड़े होकर आगे जाने के लिए किसी वाहन या बस का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान दिल्ली से अजमेर की ओर जा रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में तीनों मासूम बच्चों ने दम तोड़ दिया है। बच्चों के माता-पिता की हालत भी अत्यंत चिंताजनक बनी हुई है, जिन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।”
हाईवे पर लगा लंबा जाम, ट्रक छोड़कर चालक हुआ फरार
दिल दहला देने वाले इस हादसे के बाद आरोपी ट्रक चालक मौके पर ही वाहन छोड़कर फरार होने में कामयाब रहा। दुर्घटना के विरोध में और मौके पर जुटी भारी भीड़ के कारण अजमेर-जयपुर हाईवे पर कई किलोमीटर लंबा वाहनों का जाम लग गया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए घटना स्थल पर कई थानों की पुलिस फोर्स को तैनात करना पड़ा। पुलिस ने दुर्घटनाकारित ट्रोले को अपने कब्जे में ले लिया है और क्रेन की मदद से उसे सड़क से हटाकर यातायात को सुचारू करवाया। पुलिस ने फरार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश के लिए टीमें रवाना कर दी हैं।














