जयपुर: जयपुर पुलिस कमिश्नरेट के वेस्ट जिले में हाल ही में हुई दो अलग-अलग सनसनीखेज हत्या की वारदातों का पुलिस ने महज़ कुछ ही घंटों में पर्दाफाश कर दिया है। DCP पश्चिम प्रशांत किरण ने प्रेस वार्ता कर बताया कि पुलिस ने दोनों मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए कुल तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पहले मामले में शराब पार्टी के खर्चे को लेकर हुए विवाद में दोस्तों ने ही दोस्त की हत्या कर दी, वहीं दूसरे मामले में देर रात भेड़-बकरियों की रखवाली की बारी को लेकर हुए झगड़े में सिर कुचलकर हत्या की वारदात को अंजाम दिया गया।
केस 1: होटल के कमरे में स्टॉल से घोंटा गला, फिर YouTube पर खोजा ‘पुलिस से कैसे बचें’
पहला मामला बिंदायका थाना क्षेत्र का है। 25 जुलाई को सिवार मोड़ स्थित ‘श्री होटल’ के एक कमरे में दिनेश उर्फ दंती गवारिया का संदिग्ध हालात में शव मिला। जांच में सामने आया कि दिनेश अपने दो दोस्तों—संजय कुमार कासोटिया और नितेश गवारिया—के साथ होटल में रुका हुआ था।
शराब के खर्चे को लेकर हुए विवाद के बाद दोनों आरोपियों ने दुपट्टे (स्टॉल) से दिनेश का गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद दोनों ने अपने मोबाइल फोन को फ्लाइट मोड पर डाला, मृतक की सिम तोड़ दी और दौसा भाग गए। फरारी के दौरान आरोपियों ने यूट्यूब (YouTube) पर “हत्या के बाद पुलिस से कैसे बचें”, “पुलिस कैसे पकड़ती है” और “हत्या पर कितनी सजा होती है” जैसे वीडियो सर्च किए थे।
खाटूश्यामजी मंदिर में मांगी पाप की माफी, गुजरात भागने से पहले दबोचे गए
हत्या की वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी खाटूश्यामजी मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने अपने पाप की माफी मांगी और गुजरात भागने की योजना बनाने लगे।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने 300 से अधिक सीसीटीवी (CCTV) कैमरों के फुटेज खंगाले। अंततः पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए गोविंद देवजी मंदिर के पास से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
केस 2: भेड़ों की रखवाली के विवाद में लाठी-पत्थर से कुचला सिर
दूसरा मामला भांकरोटा थाना क्षेत्र के जयसिंहपुरा स्थित बीड़ की ढाणी का है, जहां 26 जुलाई को कालूराम बागरिया का शव बरामद हुआ था। कालूराम अपने परिचित हरदेव बागरिया के साथ मिलकर भेड़-बकरियां चराता था और रात में उनकी रखवाली करता था।
घटना वाली रात बारी-बारी से पहरा देने को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। पुरानी रंजिश और गुस्से के चलते हरदेव ने भारी पत्थर और लाठी से कालूराम के सिर पर हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया। भांकरोटा पुलिस ने आरोपी हरदेव बागरिया को गिरफ्तार कर खून से सना पत्थर और लाठी (आला-कत्ल) बरामद कर लिया है।













