डॉक्टर की शर्मनाक करतूत: लखनऊ के तेजस अस्पताल में इलाज कराने आई छात्रा को लगाया नशीला इंजेक्शन, फिर OT में ले जाकर किया दुष्कर्म, आरोपी गिरफ्तार

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के बक्शी का तालाब (बीकेटी) थाना क्षेत्र से इंसानियत और डॉक्टर के पवित्र पेशे को कलंकित करने वाली एक बेहद सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां इंदौरा बाग स्थित तेजस अस्पताल के मालिक व डॉक्टर ने इलाज कराने आई एक नाबालिग छात्रा को नशीला इंजेक्शन देकर ऑपरेशन थिएटर (OT) में बंधक बनाया और उसके साथ दुष्कर्म की घिनौनी वारदात को अंजाम दिया। बदहवास और रोती हुई हालत में बाहर निकली पीड़िता ने जब परिजनों को अपनी आपबीती सुनाई, तो अस्पताल परिसर में भारी हंगामा और तोड़फोड़ शुरू हो गई। सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल के साथ पहुंचे थाना प्रभारी ने आरोपी डॉक्टर को हिरासत में ले लिया है।

झटके आने की बीमारी का चल रहा था इलाज, अस्पताल में भर्ती थी छात्रा

मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित छात्रा को पिछले कुछ दिनों से अचानक झटके आने की गंभीर समस्या थी। इसी के इलाज के लिए परिजनों ने बीती 18 मई को उसे इंदौरा बाग स्थित तेजस अस्पताल में भर्ती कराया था। परिजनों को उम्मीद थी कि डॉक्टर उनकी बेटी को ठीक कर देगा, लेकिन उन्हें क्या पता था कि जिस डॉक्टर को वे भगवान समझ रहे हैं, वही हैवान बन जाएगा। आरोपी डॉक्टर की पहचान विजय कुमार गिरी के रूप में हुई है, जो मूल रूप से उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले का रहने वाला है।

‘ट्यूब डालने’ के बहाने ऑपरेशन थिएटर में ले गया, दो बार किया ब्लैकआउट करके रेप

पीड़ित छात्रा ने पुलिस को दिए अपने बयान में जो खुलासा किया, वह बेहद चौंकाने वाला है। छात्रा के मुताबिक, बुधवार सुबह डॉक्टर विजय कुमार गिरी उसके बेड पर आया और कहा कि इलाज के लिए उसके शरीर में एक ट्यूब डालनी पड़ेगी। यह झांसा देकर वह छात्रा को अकेले ही ऑपरेशन थिएटर (ओटी) के अंदर ले गया। वहां डॉक्टर ने उसे एक नशीला इंजेक्शन ठोक दिया। इंजेक्शन का असर होते ही छात्रा अर्धबेहोशी की हालत में आ गई, जिसका फायदा उठाकर डॉक्टर ने उसके साथ पहली बार दुष्कर्म किया।

कुछ देर बाद जब छात्रा होश में आकर बाहर निकली, तो नशे के भारी असर के कारण वह अपने परिवार को कुछ बता नहीं पाई। इसी बेबसी का फायदा उठाकर आरोपी डॉक्टर उसे दोबारा अंदर खींच ले गया और फिर से उसके साथ दरिंदगी की। इस बार जब पीड़िता किसी तरह रोते-बिलखते बाहर आई, तब उसने हिम्मत जुटाकर मां-बाप को पूरी दास्तान सुनाई।

परिजनों का फूटा गुस्सा, पुलिस ने आरोपी डॉक्टर को दबोचा; खंगाले जा रहे CCTV

सफेद कोट के पीछे छिपे इस भेड़िये की करतूत सुनते ही परिजनों के पैरों तले जमीन खिसक गई। आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने अस्पताल में हंगामा काटते हुए तोड़फोड़ शुरू कर दी। माहौल बिगड़ता देख बीकेटी थाना प्रभारी संजय कुमार सिंह भारी पुलिस फोर्स के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए आरोपी डॉक्टर विजय कुमार गिरी को मौके से ही दबोच लिया और थाने ले आई।

पुलिस उपायुक्त के निर्देशानुसार, पीड़ित परिजनों की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म और पॉक्सो (POCSO) एक्ट समेत कई संगीन धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने पीड़िता को मेडिकल परीक्षण के लिए अस्पताल भेज दिया है। थाना प्रभारी संजय कुमार सिंह ने बताया कि मामले की गहराई से जांच के लिए अस्पताल में लगे सभी सीसीटीवी (CCTV) कैमरों के फुटेज और डीवीआर को कब्जे में ले लिया गया है, ताकि अदालत में पुख्ता वैज्ञानिक सबूत पेश कर आरोपी डॉक्टर को सख्त से सख्त सजा दिलाई जा सके।

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment