
दक्षिण भारतीय सिनेमा के सुपरस्टार थलापति विजय की बहुप्रतीक्षित एक्शन-थ्रिलर फिल्म ‘जन नायकन’ सिनेमाघरों में रिलीज होते ही बॉक्स ऑफिस पर तहलका मचा रही है. कई कानूनी अड़चनों, विवादों और रिलीज टलने के बावजूद फिल्म को लेकर दर्शकों का जबरदस्त क्रेज देखने को मिल रहा है. फिल्म के शानदार आंकड़ों ने ट्रेड एक्सपर्ट्स को भी हैरान कर दिया है. महज चार दिनों के भीतर इस फिल्म ने भारतीय बॉक्स ऑफिस पर 100 करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया है, जबकि दुनियाभर में विजय का जादू सिर चढ़कर बोल रहा है.
ओपनिंग डे से चौथे दिन तक कमाई का लेखा-जोखा
एच. विनोथ के निर्देशन में बनी ‘जन नायकन’ ने 23 जुलाई को सिनेमाघरों में दस्तक दी थी और पहले ही दिन 50.28 करोड़ रुपये का ऐतिहासिक कलेक्शन किया. हालांकि, दूसरे दिन कमाई घटकर 24.72 करोड़ रुपये पर आ गई थी, लेकिन वीकेंड आते ही फिल्म ने फिर से रफ्तार पकड़ ली. तीसरे दिन उछाल के साथ 33.81 करोड़ रुपये कमाने के बाद, चौथे दिन (रविवार) फिल्म ने घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 32 करोड़ रुपये का शानदार बिजनेस किया.
चार दिनों में भारत और वर्ल्डवाइड कुल कलेक्शन
ट्रेड एनालिस्ट्स और Sacnilk के आंकड़ों के मुताबिक, ‘जन नायकन’ ने भारत में चार दिनों के भीतर कुल 124.75 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन कर लिया है, जबकि इसका ऑल इंडिया ग्रॉस कलेक्शन 145.98 करोड़ रुपये पहुंच गया है. ओवरसीज मार्केट (विदेशों) में भी फिल्म की बंपर मांग है, जहां रविवार को 10 करोड़ रुपये जुटाने के साथ इसका कुल ओवरसीज ग्रॉस कलेक्शन 71.50 करोड़ रुपये हो गया है. इसके साथ ही फिल्म ने चार दिनों में दुनिया भर से रिकॉर्ड तोड़ 217.48 करोड़ रुपये का कुल वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन कर 200 करोड़ के क्लब में धमाकेदार एंट्री मार ली है.
स्टार कास्ट और आगे का अनुमान
फिल्म में थलापति विजय के अलावा बॉलीवुड अभिनेता बॉबी देओल, पूजा हेगड़े, ममिता बैजू, प्रियमणि, प्रकाश राज, नारायण और गौतम वासुदेव मेनन जैसे दिग्गज कलाकार मुख्य भूमिकाओं में हैं. फिल्म की रफ्तार को देखते हुए माना जा रहा है कि यह आने वाले दिनों में कई नए कीर्तिमान स्थापित करेगी.













