
पश्चिमी दिल्ली के तिलक नगर इलाके में हुई 21 वर्षीय सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर मुस्कान की नृशंस हत्या के मामले में दिल्ली पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। घटना के बाद से ही फरार चल रहे मुख्य आरोपी आकिब उर्फ इमरान को स्पेशल स्टाफ की टीम ने गुरुवार देर रात एक मुठभेड़ (Encounter) के बाद गिरफ्तार कर लिया।
यह मुठभेड़ राजौरी गार्डन इलाके के नाला रोड के पास हुई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी इमरान के पैर में गोली लगी है, जिसके बाद उसे तुरंत हिरासत में लेकर इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सूचना मिलते ही पुलिस ने की घेराबंदी, आरोपी ने चलाई गोली
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, स्पेशल स्टाफ को गुप्त सूचना मिली थी कि वांटेड आरोपी इमरान राजौरी गार्डन इलाके में किसी से मिलने या भागने की फिराक में आने वाला है। सटीक इनपुट के आधार पर पुलिस टीम ने नाला रोड के आसपास के इलाके में जाल बिछाया और नाकेबंदी कर दी।
जैसे ही आरोपी मौके पर पहुंचा, पुलिस टीम ने उसे आत्मसमर्पण करने के लिए ललकारा। खुद को घिरा देख आरोपी इमरान ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिसकर्मियों ने भी मुस्तैदी दिखाते हुए आत्मरक्षा में जवाबी गोलियां चलाईं। इस दौरान एक गोली इमरान के पैर में जा लगी और वह जमीन पर गिर पड़ा, जिसके बाद टीम ने उसे दबोच लिया।
घर में अकेली थी मुस्कान, चाकू से गोदकर की थी हत्या
यह सनसनीखेज वारदात तिलक नगर के महावीर नगर इलाके में अंजाम दी गई थी। शुरुआती जांच के मुताबिक, बुधवार शाम 21 वर्षीय मुस्कान अपने घर में अकेली मौजूद थी। इसी दौरान इमरान उसके घर पहुंचा। दोनों एक-दूसरे को पिछले करीब डेढ़ साल से जानते थे।
घर के भीतर किसी बात को लेकर दोनों के बीच तीखी बहस हुई, जिसके बाद आक्रोशित इमरान ने मुस्कान पर चाकू से ताबड़तोड़ कई वार कर दिए और उसे लहूलुहान हालत में छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें आरोपी वारदात के बाद वहां से भागता हुआ साफ दिखाई दिया था।
मोबाइल चैट से खुलेगा मर्डर मिस्ट्री का राज: दूसरे युवक से बातचीत पर थी नाराजगी!
हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने के लिए पुलिस ने मृतका मुस्कान का मोबाइल फोन जब्त कर लिया है। जांच के दौरान पुलिस को मुस्कान और इमरान के बीच हुई लंबी बातचीत के चैट मिले हैं।
सूत्रों के मुताबिक, चैट की जांच में शुरुआती तौर पर यह बात सामने आई है कि मुस्कान की किसी अन्य युवक से बातचीत को लेकर इमरान काफी नाराज और शक की स्थिति में था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच तनातनी चल रही थी। पुलिस अब अस्पताल में भर्ती इमरान से डॉक्टरों की अनुमति के बाद कड़ी पूछताछ करेगी ताकि हत्या में इस्तेमाल हथियार और इस जघन्य अपराध की असली वजह का पूरी तरह खुलासा किया जा सके।














