नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी के जारी प्रदर्शनों के बीच आज किसानों के बड़े महाआंदोलन की आहट से हलचल तेज हो गई है। पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, उत्तराखंड, तेलंगाना, तमिलनाडु और केरल समेत कई राज्यों के किसान संगठनों ने भारत-अमेरिका की प्रस्तावित ट्रेड डील के विरोध में दिल्ली स्थित ‘किसान घाट’ पर महापंचायत का ऐलान किया है। किसानों के इस रुख को देखते हुए दिल्ली और हरियाणा पुलिस अलर्ट मोड पर आ गई है। सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करते हुए शंभू बॉर्डर और दिल्ली की सीमा से सटे तमाम रास्तों पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
कुरुक्षेत्र में गुरनाम सिंह चढ़ूनी हिरासत में, टोल प्लाजा पर किसानों का चक्का जाम
दिल्ली में महापंचायत से ठीक पहले कुरुक्षेत्र जिले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भारतीय किसान यूनियन (चढ़ूनी गुट) के प्रमुख गुरनाम सिंह चढ़ूनी को समर्थकों के साथ हिरासत में ले लिया है। पुलिस ने नेशनल हाईवे 152D पर चढ़ूनी की गाड़ी को रोककर उन्हें हिरासत में लिया। इसके अलावा बीकेयू के प्रवक्ता राकेश बैंस को भी हिरासत में लेने का दावा किया गया है। चढ़ूनी की गिरफ्तारी की खबर फैलते ही किसानों ने नेशनल हाईवे के हिसार-चंडीगढ़ रूट पर जमकर हंगामा किया और अंबाला के पास शंभू टोल प्लाजा को पूरी तरह जाम कर दिया, जिससे राष्ट्रीय राजमार्ग पर भारी ट्रैफिक जाम की स्थिति बन गई।
क्यों हो रहा है भारत-अमेरिका व्यापार समझौते का विरोध?
किसान संगठनों ने इस प्रस्तावित समझौते के खिलाफ ‘देश बचाओ मोर्चा’ का गठन किया है। किसान नेताओं का आरोप है कि इस ट्रेड डील के लागू होने से अमेरिका से सस्ते कृषि और डेयरी उत्पादों का आयात भारत में होने लगेगा। इससे देश के छोटे खेतिहर मजदूरों, पशुपालकों और स्थानीय व्यापारियों की आजीविका पर सीधा और जानलेवा असर पड़ेगा। किसान नेता गुरनाम सिंह चढ़ूनी का दावा है कि इस समझौते के तहत भारत को एंटी-डंपिंग ड्यूटी लगाने का अधिकार भी नहीं रहेगा, जिससे घरेलू किसान पूरी तरह तबाह हो जाएंगे और विदेशी कंपनियों का एकाधिकार कायम हो जाएगा।
दिल्ली पुलिस ने जारी की ट्रैफिक एडवाइजरी, इन रास्तों से जाने से बचें
किसान घाट पर होने वाले इस बड़े प्रदर्शन और संभावित भीड़ को देखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने आम जनता के लिए परामर्श जारी किया है। पुलिस ने यात्रियों को सत्याग्रह मार्ग, वेलोड्रोम रोड, राजघाट डीटीसी डिपो रोड और इससे सटे प्रभावित मार्गों का इस्तेमाल न करने की सलाह दी है। इसके साथ ही एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन या अंतरराज्यीय बस अड्डों की ओर जाने वाले यात्रियों को पर्याप्त समय लेकर और वैकल्पिक मार्गों की पहले से योजना बनाकर घर से निकलने की हिदायत दी गई है।















