आगरा: उत्तर प्रदेश के ताजनगरी आगरा की सिकंदरा पुलिस ने एक ऐसे सनसनीखेज और खौफनाक हत्याकांड का खुलासा किया है, जिसने मशहूर फिल्म ‘दृश्यम’ की याद दिला दी। यहां के रेणुकाधाम कॉलोनी में एक पत्नी ने न केवल अपने पति की बेरहमी से हत्या की, बल्कि शातिराना अंदाज में लाश को अपने ही घर के बाथरूम में दफन कर उसके ऊपर प्लास्टर और टाइल्स लगवा दीं। रोंगटे खड़े कर देने वाली बात यह है कि हत्या के बाद वह महिला करीब 45 दिनों तक पुलिस और परिजनों के साथ मिलकर खुद अपने पति को ढूंढने का ढोंग रचती रही। 18 मई को अंजाम दी गई इस खौफनाक वारदात का सच जब सामने आया, तो हर कोई सन्न रह गया।
खीर में मिलाईं 20 नींद की गोलियां, फिर घोंटा गला
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, आरोपी पत्नी रूबी ने अपने पति सुरेंद्र कुमार शर्मा को रास्ते से हटाने के लिए बेहद खतरनाक साजिश रची थी। घटना वाले दिन रूबी ने घर पर सुरेंद्र की पसंदीदा खीर बनाई और उसमें चुपके से 20 से ज्यादा नींद की गोलियां पीसकर मिला दीं। खीर खाते ही सुरेंद्र बेसुध होकर बिस्तर पर गिर गया। इसके बाद रूबी ने बिना देर किए उसका गला घोंटकर मौत के घाट उतार दिया।
लाश पर डलवाई मिट्टी, मिस्त्री बुलाकर जड़वा दीं टाइल्स
हत्या की इस खौफनाक वारदात को अंजाम देने के बाद रूबी ने सबूत मिटाने के लिए शातिर दिमाग चलाया। अगली ही सुबह उसने घर के बाथरूम में एक गहरा गड्ढा खोदा और सुरेंद्र की लाश को उसमें डाल दिया। लाश के ऊपर मिट्टी डालने के बाद उसने घर पर मिस्त्री और मजदूरों को बुलाया। रूबी ने बड़ी ही चालाकी से उस गड्ढे के ऊपर प्लास्टर करवाया और नई टाइल्स लगवा दीं, ताकि किसी को भी वहां खुदाई होने का रत्ती भर शक न हो। इसके कुछ दिनों बाद उसने खुद थाने जाकर पति की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करा दी।
ट्रक चोरी की रूटीन जांच करने पहुंची थी पुलिस, एक फोन से खुला राज
इस अंधे कत्ल का राज किसी फिल्मी कहानी की तरह खुला। दरअसल, पुलिस एक पुराने ट्रक चोरी के मामले की रूटीन जांच के सिलसिले में रेणुकाधाम कॉलोनी में रूबी के घर पहुंच गई। पुलिस को दरवाजे पर देख रूबी बुरी तरह घबरा गई और उसने आनन-फानन में अपने ससुर को फोन कर मदद मांगी। रूबी की इस घबराहट ने परिवार के उस शक को यकीन में बदल दिया, जो उन्हें पहले से था। परिजनों ने तुरंत पुलिस को इस बात की जानकारी दी। जब पुलिस ने रूबी को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की, तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। रूबी की निशानदेही पर जब पुलिस ने बाथरूम का फर्श तुड़वाकर खुदाई कराई, तो वहां से सुरेंद्र का कंकाल बरामद हुआ।
16 साल की शादी, शराब और गृहक्लेश बना काल!
आसपास के पड़ोसियों और परिजनों के मुताबिक, सुरेंद्र को शराब पीने की गंभीर लत थी। वह अक्सर शराब के नशे में धुत होकर घर आता था और पत्नी रूबी के साथ मारपीट और झगड़ा करता था। दोनों का विवाद कई बार घर से निकलकर सड़क तक पहुंच जाता था। रूबी पेशे से दर्जी (टेलर) थी और इलाके में महिलाओं के कपड़े सिलने का काम करती थी। दोनों की शादी को 16 साल हो चुके थे और उनकी दो बेटियां हैं। वारदात वाले दिन रूबी ने बड़ी चालाकी से दोनों बेटियों को उनके चाचा के घर भेज दिया था।
हर एंगल से जांच में जुटी पुलिस: क्या कोई और भी था शामिल?
डीसीपी सिटी सैयद अली अब्बास के मुताबिक, पुलिस ने बाथरूम से बरामद सुरेंद्र के कंकाल को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक (DNA) जांच के लिए भेज दिया है। आरोपी रूबी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस अब इस बात की गहराई से तफ्तीश कर रही है कि क्या इस खौफनाक हत्याकांड में रूबी के साथ कोई और भी मददगार या साजिशकर्ता शामिल था, या फिर उसने अकेले ही इस पूरे कांड को अंजाम दिया।











