
बेगूसराय, 18 जून (हि.स.)। बेगूसराय पुलिस ने अपराध और अपराधियों के खिलाफ एस ड्राइव का विशेष अभियान शुरू किया है। इसके लिए सभी थाना में फरार अपराधी, वारंटी और असामाजिक तत्वों की सूची बनाई गई है।
संबंधित थाना के पुलिस पदाधिकारी एक गांव को चिन्हित कर छापेमारी करेंगे। इसकी शुरुआत एसपी के नेतृत्व में बीते रात से की गई है। देर रात जब शहर के लोग सो रहे थे तो अचानक एसपी के नेतृत्व में बेगूसराय अनुमंडल की पूरी पुलिस टीम सड़क पर निकल गई।
उसके बाद हेमरा, रतनपुर, मुंगेरीगंज, पोखरिया आदि मोहल्ले में छापेमारी की गई। एसपी ने खुद फरार चल रहे हेमरा निवासी सौरभ-गौरव गिरोह के घर छापेमारी किया। छापेमारी के दौरान लेकिन परिजनों को अल्टीमेटम दिया गया है कि जल्द से जल्द आत्मसमर्पण कराएं।

एसपी योगेन्द्र कुमार ने बताया कि फरार चल रहे अपराधियों, वारंटियों और असामाजिक तत्वों की सूची सभी थाना में बनाई गई है। पुलिस पदाधिकारी को निर्देश दिया गया है कि अधिक अपराधी वाले गांव को चिन्हित कर रात में छापेमारी करें। सभी अपराधियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।
जो अपराधी नहीं पकड़े जाएंगे, उनके घर की कुर्की जब्ती की जाएगी। सदर क्षेत्र के 40 अपराधियों की सूची बनाकर डीएसपी एवं पुलिस टीम के साथ छापेमारी किया जा रहा है। यह अभियान लगातार जारी रहेगा। अपराध और अपराधियों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा।
चिन्हित किए गए सभी अपराधियों को इस विशेष अभियान जेल भेजा जाएगा। इसके लिए रोज रात में अभियान चलेगा। अपराधियों के परिजनों को जल्द से जल्द आत्मसमर्पण करवाने के लिए कहा जाएगा। जो आत्मसमर्पण नहीं करेंगे उनके घरों की कुर्की होगी।
देर रात छापेमारी के लिए निकले एसपी सबसे पहले नगर थाना पहुंचे। जहां उन्होंने महिला हेल्प डेस्क पर अन्य सुविधा शुरू करने सहित आवश्यक दिशा निर्देश दिया। इस दौरान विशेष अभियान के संबंध में भी पुलिस अधिकारियों को टिप्स दिए गए। टीम ने सदर डीएसपी अमित कुमार एवं नगर थानाध्यक्ष रामनिवास सहित पूरी टीम समिति शामिल थी।














