पति की हत्या की आरोपी पत्नी सोनम रघुवंशी ने किया सरेंडर, सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद पहुंची कोर्ट; जानें पूरा मामला

नई दिल्ली। देश को झकझोर देने वाले चर्चित राजा रघुवंशी हत्याकांड मामले में बड़ा अपडेट आया है। अपने पति की हत्या की मुख्य आरोपी पत्नी सोनम रघुवंशी ने आखिरकार कोर्ट में सरेंडर कर दिया है। सुप्रीम कोर्ट द्वारा जमानत रद्द किए जाने के बाद सोनम ने ट्रायल कोर्ट के समक्ष आत्मसमर्पण किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। ईस्ट खासी हिल्स के पुलिस अधीक्षक विवेक सियेम ने सोनम के सरेंडर की पुष्टि की है।

हनीमून पर रची गई थी हत्या की खौफनाक साजिश

मध्य प्रदेश के इंदौर की रहने वाली सोनम पर साल 2025 में हनीमून के दौरान अपने कारोबारी पति राजा रघुवंशी की निर्मम हत्या कराने का गंभीर आरोप है। दोनों 23 मई 2025 को मेघालय के सोहरा (चेरापूंजी) इलाके में हनीमून मनाने गए थे, जहां से रहस्यमयी परिस्थितियों में लापता हो गए थे। इसके बाद 2 जून 2025 को पुलिस ने राजा रघुवंशी का शव एक गहरी खाई से बरामद किया था। छानबीन के बाद पुलिस ने सोनम को जून में ही गिरफ्तार कर लिया था।

पैसों का लालच और प्रेमी का साथ: सुपारी देकर कराया कत्ल

पुलिस जांच में जो खुलासा हुआ, उसने सभी को हैरान कर दिया। पुलिस के अनुसार, सोनम ने अपने कथित प्रेमी राज कुशवाहा के साथ मिलकर पैसों के लालच में इस हत्याकांड की साजिश रची थी। पति को रास्ते से हटाने के लिए बाकायदा सुपारी देकर हत्यारों को हायर किया गया था, जिन्होंने सोहरा की वादियों में राजा रघुवंशी को मौत के घाट उतार दिया।

सुप्रीम कोर्ट ने सख्त रुख अपनाते हुए रद्द की जमानत

इससे पहले 29 जून को मेघालय हाईकोर्ट ने सोनम की जमानत को बरकरार रखा था, जिसके खिलाफ राज्य सरकार ने सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया था। सुप्रीम कोर्ट ने मामले की गंभीरता को देखते हुए माना कि आरोपी के बाहर रहने से गवाहों और मुकदमे की सुनवाई पर असर पड़ सकता है। शीर्ष अदालत ने जमानत रद्द करते हुए 3 सप्ताह के भीतर सरेंडर करने का आदेश दिया था। हालांकि, अदालत ने यह भी स्पष्ट किया है कि यदि अगले छह महीने में ट्रायल पूरा नहीं होता है, तो वह दोबारा जमानत याचिका दाखिल कर सकती है।

 

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment

Are you human? Please solve:Captcha