पति के मोबाइल में देखी महिला सहकर्मी की फोटो, आधी रात झगड़े के बाद कॉरपोरेट हेड ने उठाया आत्मघाती कदम

गुरुग्राम के पॉश इलाके में स्थित एक लग्जरी सोसाइटी से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। एअर इंडिया के एक वरिष्ठ अधिकारी की पत्नी और नामी कंपनी में उच्च पद पर कार्यरत महिला ने अपने फ्लैट में फांसी लगाकर जीवन लीला समाप्त कर ली। पुलिस की शुरुआती जांच और परिजनों से पूछताछ में खुलासा हुआ है कि पति के मोबाइल में एक महिला सहकर्मी की तस्वीर देखने के बाद दोनों के बीच विवाद शुरू हुआ था, जिसके बाद यह दुखद मोड़ आया।

15 साल पुराना रिश्ता और एक तस्वीर से उपजा शक

मूल रूप से ओडिशा के भुवनेश्वर की रहने वाली 44 वर्षीया कीर्तिमई मिश्रा गुरुग्राम के सेक्टर-71 स्थित स्मार्ट वर्ल्ड कंपनी में लर्निंग एंड टैलेंट डेवलपमेंट हेड के पद पर कार्यरत थीं। उनके पति युवराज शर्मा मुंबई के निवासी हैं और एअर इंडिया में केबिन क्रू को ट्रेनिंग देने का काम करते हैं। लगभग 15 वर्ष पूर्व प्रेम विवाह के बंधन में बंधे इस दंपत्ति की एक 9 साल की बेटी भी है। बुधवार की रात करीब 9:30 बजे जब दंपत्ति अपनी बेटी के साथ सोने की तैयारी कर रहे थे, तभी कीर्तिमई की नजर पति के मोबाइल फोन पर पड़ी। फोन की गैलरी में एअर इंडिया एकेडमी स्टाफ की तस्वीरों के बीच युवराज की उनकी एक महिला सहकर्मी के साथ फोटो मौजूद थी। इस फोटो को देखते ही दंपति के बीच तीखी बहस शुरू हो गई, जो देखते ही देखते बड़े विवाद में बदल गई।

सुबह खिड़की से झांका तो उड़ गए होश

विवाद गहराने के बाद कीर्तिमई अत्यधिक गुस्से में आ गईं और रात में ही दूसरे कमरे में जाकर अंदर से कुंडी लगा ली। पति को लगा कि समय बीतने के साथ गुस्सा शांत हो जाएगा और स्थिति सामान्य हो जाएगी। हालांकि, अगली सुबह जब काफी देर तक कमरा नहीं खुला तो पति ने दरवाजा खटखटाया। अंदर से कोई जवाब न मिलने पर जब उन्होंने बालकनी के रास्ते खिड़की से कमरे के अंदर झांककर देखा तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। कीर्तिमई पंखे से बंधे फंदे पर लटकी हुई थीं।

शीशा तोड़कर अंदर घुसा पति, विदेश जाने से पहले भाई ने बंधवाई थी राखी

आनन-फानन में पति ने हाथ-पैर मारकर दरवाजे का शीशा तोड़ा और अंदर दाखिल हुए, जिससे उनके हाथ और घुटने में गंभीर चोटें भी आईं। तुरंत ही पुलिस और पड़ोसियों को सूचना दी गई। बादशाहपुर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और शव को कब्जे में ले लिया। इस घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों के अनुसार, मृतक महिला का छोटा भाई पढ़ाई के सिलसिले में विदेश जाने वाला था और घटना से महज चार दिन पूर्व ही अपनी बहन से राखी बंधवाकर गया था। बहन की मृत्यु की सूचना मिलते ही वह शुक्रवार सुबह विमान से गुरुग्राम पहुंचा, जिसके बाद पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाया। पुलिस ने फिलहाल मामले में इत्तेफाकिया कार्रवाई दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment

Are you human? Please solve:Captcha