
बिहार के रोहतास जिले के डेहरी से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक पति ने अपनी मेहनत की कमाई से पत्नी को पढ़ा-लिखाकर बिहार पुलिस में सिपाही (Constable) बनाया, लेकिन खाकी वर्दी मिलते ही पत्नी अपने प्रेमी के साथ फरार हो गई।
पीड़ित पति का नाम अजय सिंह है, जबकि फरार पत्नी अर्चना भारती बिहार पुलिस में सिपाही के पद पर कार्यरत है और वर्तमान में बेगूसराय के बीएसएपी (BSAP) में तैनात थी। उसका प्रेमी विवेक कुमार बताया जा रहा है।
गाढ़ी कमाई से कराई पढ़ाई, परीक्षा दिलाने शहरों के काटे चक्कर
अजय और अर्चना की शादी कुछ साल पहले हिंदू रीति-रिवाज से हुई थी। शादी के बाद अर्चना ने आगे पढ़ाई करने और सरकारी नौकरी पाने की इच्छा जताई। नगर परिषद में प्राइवेट नौकरी करने वाले अजय ने अपनी सीमित आय के बावजूद पत्नी के सपनों को पंख दिए।
पति ने अपनी गाढ़ी कमाई से अर्चना का दाखिला कोचिंग सेंटर में कराया और उसे परीक्षा दिलाने के लिए अलग-अलग शहरों तक खुद ले जाता रहा। अजय की मेहनत रंग लाई और अर्चना का चयन बिहार पुलिस में कांस्टेबल पद पर हो गया। ट्रेनिंग पूरी होने के बाद जब उसे बेगूसराय में पहली तैनाती मिली तो घर में खुशियों का माहौल था। हालांकि, नौकरी जॉइन करते ही अर्चना के व्यवहार में अचानक बदलाव आने लगा और उसने पति से दूरियां बनानी शुरू कर दीं।
फोन में पकड़ी गई चैट, विवाद के बाद प्रेमी संग हुई रफूचक्कर
मामले का खुलासा तब हुआ जब जुलाई महीने में अर्चना छुट्टी लेकर अपने ससुराल आई थी। उसी दौरान पति अजय ने उसके मोबाइल में विवेक कुमार नाम के युवक के साथ आपत्तिजनक व्हाट्सएप (WhatsApp) चैट देख ली।
चैट देखने के बाद दोनों के बीच जमकर कहासुनी और झगड़ा हुआ। इस विवाद के तुरंत बाद अर्चना घर छोड़कर अपने प्रेमी विवेक के साथ फरार हो गई।
सास भी दामाद के समर्थन में उतरी, एसपी से लगाई न्याय की गुहार
पत्नी के भाग जाने के बाद पीड़ित पति अजय सिंह ने स्थानीय थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है और रोहतास एसपी (SP) से न्याय की गुहार लगाई है। इस पूरे घटनाक्रम की सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि अर्चना की मां शकुंतला देवी भी अपनी बेटी की इस घिनौनी हरकत से शर्मिंदा हैं।
मां ने खुद एसपी दफ्तर पहुंचकर अपने दामाद अजय का खुलकर समर्थन किया और बेटी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। जिस तरह से पति के त्याग और मेहनत को दरकिनार कर महिला सिपाही फरार हुई है, उसकी तुलना अब उत्तर प्रदेश के चर्चित ‘ज्योति मौर्य कांड’ से की जा रही है। फिलहाल पुलिस मामला दर्ज कर जांच में जुट गई है।














