
सीतापुर: उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले से एक ऐसा अनोखा मामला सामने आया है, जिसने रिश्तों की पारंपरिक परिभाषा और सामाजिक धारणाओं को हिलाकर रख दिया है। आमतौर पर पति-पत्नी के बीच तीसरे की मौजूदगी विवाद और अलगाव का कारण बनती है, लेकिन महमूदाबाद क्षेत्र में ‘पति, पत्नी और वो’ का एक ऐसा लव ट्रायंगल सामने आया है, जहां तीनों खुशी-खुशी एक ही छत के नीचे रहने को तैयार हैं। हालांकि, परिवार के विरोध के चलते यह अनोखा मामला अब महमूदाबाद कोतवाली की चौखट तक पहुंच गया है।
‘दो बच्चों की मां को पति और प्रेमी दोनों का साथ मंजूर’
पूरा मामला महमूदाबाद कोतवाली क्षेत्र का है। स्थानीय निवासी शुभम वर्मा की शादी अंजू के साथ हुई थी और उनके दो बच्चे भी हैं। सब कुछ ठीक चल रहा था, लेकिन इसी बीच शुभम के घर उसके दोस्त नितिन का आना-जाना शुरू हुआ। धीरे-धीरे नितिन, शुभम और अंजू के बीच नजदीकियां इतनी बढ़ गईं कि तीनों ने आपस में सहमति बनाकर एक साथ रहने का फैसला कर लिया। पत्नी अंजू का साफ कहना है कि वह अपने पति शुभम और प्रेमी नितिन दोनों के साथ ही रहेगी और अपने दोनों बच्चों का पालन-पोषण भी साथ मिलकर करेगी।
‘भाई मानता था, अब नहीं छोड़ूंगा साथ’- पति की अजीब जिद
इस पूरे मामले में सबसे चौंकाने वाला रुख पति शुभम का है। शुभम का कहना है कि वह नितिन को अपना भाई मानता है और वह अपनी पत्नी व नितिन दोनों के साथ रहने के लिए पूरी तरह सहमत है। शुभम का कहना है कि वह अपनी पत्नी और दोस्त का साथ किसी भी कीमत पर नहीं छोड़ेगा, भले ही इसके लिए उसे अपना पैतृक घर ही क्यों न छोड़ना पड़े।
परिवार ने किया कड़ा विरोध, थाने में चली लंबी पंचायत
महिला और उसके पति के अनुसार, शुरुआत में परिवार वाले इस अजीबोगरीब रिश्ते से एतराज नहीं कर रहे थे, लेकिन अब परिजनों ने स्पष्ट रूप से नितिन को घर में रखने से इनकार कर दिया है। परिजनों के कड़े विरोध के बाद मामला महमूदाबाद कोतवाली पहुंचा। थाने में तीनों पक्षों और परिजनों के बीच घंटों नोकझोंक और समझौते का दौर चला।
पुलिस भी हैरान, इलाके में चर्चा का विषय
महमूदाबाद के प्रभारी निरीक्षक भानू प्रताप सिंह ने दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर मामले को सुलझाने का प्रयास किया। हालांकि, कानूनी तौर पर ऐसा कोई प्रावधान न होने और किसी पक्ष द्वारा औपचारिक आपराधिक शिकायत दर्ज न कराने के कारण पुलिस के लिए भी यह स्थिति उलझन भरी बनी हुई है। फिलहाल तीनों के एक साथ रहने की अजीब शर्त और पारिवारिक विवाद की यह खबर पूरे क्षेत्र और सोशल मीडिया पर जबरदस्त चर्चा का विषय बनी हुई है।











