
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में प्रधानमंत्री कार्यालय ‘सेवा तीर्थ’ में एक अहम और उच्चस्तरीय बैठक संपन्न हुई। तीन घंटे से भी अधिक समय तक चली इस मैराथन बैठक में एक दर्जन से अधिक स्वतंत्र प्रभार और राज्य मंत्रियों ने हिस्सा लिया। बैठक का मुख्य केंद्र बिंदु मंत्रालयों द्वारा अब तक किए गए सुधार, नई नीतियां और विकास कार्यों की समीक्षा रहा। सभी मंत्रियों ने अपने-अपने विभागों की प्रगति का पूरा ब्यौरा प्रधानमंत्री के समक्ष प्रस्तुत किया।
पारदर्शिता और गुणवत्ता पर पीएम का विशेष जोर
सूत्रों के अनुसार, प्रधानमंत्री ने बैठक के दौरान राज्य मंत्रियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी सरकारी परियोजनाओं और कार्यक्रमों को निर्धारित समयावधि के भीतर पूरा किया जाए। उन्होंने निर्माण और विकास कार्यों में उच्च गुणवत्ता बनाए रखने के साथ-साथ संपूर्ण प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की बात कही। पीएम मोदी ने कहा कि केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का सीधा लाभ अंतिम छोर पर खड़े लक्षित लाभार्थियों तक बिना किसी बाधा के पहुंचना चाहिए।
कैबिनेट मंत्रियों के बिना पहली अनोखी बैठक
प्रशासनिक दृष्टिकोण से यह बैठक बेहद खास मानी जा रही है। सूत्रों का कहना है कि यह अपनी तरह का पहला ऐसा संवाद था जिसमें किसी भी कैबिनेट मंत्री या शीर्ष नौकरशाह को शामिल नहीं किया गया। केवल राज्य मंत्रियों के साथ सीधे संवाद का यह पहला दौर था, जिसमें कृषि, शिक्षा, ग्रामीण विकास और सामाजिक न्याय जैसे महत्वपूर्ण विभागों के मंत्री मौजूद रहे। इससे पहले प्रधानमंत्री सुशासन, सुरक्षा, कृषि और इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़े सचिवों के अधिकार प्राप्त समूहों के साथ भी कई दौर की समीक्षा बैठकें कर चुके हैं।
गुजरात और महाराष्ट्र को 35,000 करोड़ की विकास परियोजनाओं की सौगात
समीक्षा बैठक के तुरंत बाद प्रधानमंत्री मोदी गुजरात और महाराष्ट्र के एक दिवसीय महत्वपूर्ण दौरे पर रवाना हो रहे हैं। इस दौरे के दौरान वे देश को 35,000 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। आधिकारिक जानकारी के मुताबिक, पीएम मोदी सबसे पहले गुजरात के वडोदरा पहुंचेंगे, जहां वे कई बड़ी परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करने के साथ एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके अलावा वे नवसारी और मुंबई में भी आयोजित कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे।
लॉजिस्टिक्स सेक्टर को मिलेगी रफ्तार, ग्लोबल फिनटेक फेस्ट का उद्घाटन
प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपने दौरे की जानकारी देते हुए बताया कि पश्चिमी समर्पित माल ढुलाई गलियारे (Western Dedicated Freight Corridor) के तीन प्रमुख खंडों को राष्ट्र को समर्पित किया जाएगा, जिससे देश के लॉजिस्टिक्स क्षेत्र को अभूतपूर्व मजबूती मिलेगी। इसके बाद पीएम मोदी मुंबई में आयोजित होने वाले ‘ग्लोबल फिनटेक फेस्ट (GFF) 2026’ में शिरकत करेंगे और वित्तीय प्रौद्योगिकी क्षेत्र के इस वैश्विक मंच का औपचारिक उद्घाटन करेंगे।















