पीलीभीत में खौफनाक वारदात: 20 साल के प्यार का खूनी अंत, कोल्ड ड्रिंक में नशा देकर पत्नी ने साड़ी से दबाया पति का गला; बेटा बना चश्मदीद

कलीनगर (पीलीभीत)। उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले के माधोटांडा थाना क्षेत्र से रिश्तों को तार-तार कर देने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां दो दशक पहले हुए प्रेम विवाह का अंत बेहद ही खौफनाक तरीके से हुआ। एक पत्नी ने ही साजिश रचकर अपने पति को पहले कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ पिलाया और फिर देर रात अपनी ही साड़ी से गला घोंटकर उसे मौत के घाट उतार दिया। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है। यह पूरी वारदात लोहरपुरी फुलहर गांव की है, जहां इस जघन्य हत्याकांड के बाद से सनसनी फैली हुई है।

छत पर सो रहे बेसुध पति को दी दर्दनाक मौत

प्राप्त जानकारी के अनुसार, लोहरपुरी फुलहर गांव के निवासी 42 वर्षीय उमाशंकर ने करीब 20 वर्ष पूर्व ममता नामक महिला से प्रेम विवाह किया था। दोनों का एक 18 वर्षीय पुत्र विवेक उर्फ विकास और 12 वर्षीय पुत्री गीता है। शुक्रवार की रात उमाशंकर मकान की छत पर लेटे हुए थे, जबकि दोनों बच्चे नीचे के कमरे में सो रहे थे। इसी दौरान आरोपी पत्नी ममता कोल्ड ड्रिंक में कोई नशीला पदार्थ मिलाकर छत पर पहुंची और पति को पिला दिया। नशीले पदार्थ के असर से जब उमाशंकर पूरी तरह बेसुध हो गए, तो ममता ने साड़ी से उनका गला घोंटना शुरू कर दिया।

बेटी की खुली नींद और बेनकाब हुई कातिल मां

इस खूनी वारदात का खुलासा देर रात तब हुआ जब 12 वर्षीया बेटी गीता की अचानक नींद खुली। उसने बिस्तर से मां को नदारद पाया तो तुरंत अपने बड़े भाई विवेक को जगाया। अनहोनी की आशंका में विवेक जब भागकर छत पर पहुंचा, तो सामने का दृश्य देखकर उसके होश उड़ गए। आरोप है कि ममता उस वक्त अपने ही पति का गला घोंट रही थी। बेटे को अचानक सामने देखकर आरोपी महिला घबरा गई और मौके से फरार हो गई।

बेटे की तहरीर पर एफआईआर, आरोपी महिला गिरफ्तार

छत पर पिता को अचेत अवस्था में देखकर बेटे ने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए और तुरंत माधोटांडा पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल शुरू की और कुछ ही समय में आरोपी पत्नी ममता को हिरासत में ले लिया। मामले की जानकारी देते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक अशोक पाल ने बताया कि मृतक के पुत्र विवेक की तहरीर पर आरोपी मां के खिलाफ हत्या की सुसंगत धाराओं में नामजद रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले के हर पहलू की गहनता से जांच कर रही है।

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment

Are you human? Please solve:Captcha