प्यार में मिला धोखा तो प्रेमी के कमरे में दुपट्टे के सहारे लटकी युवती, शादीशुदा कारोबारी गिरफ्तार; सुसाइड नोट से खुले कई राज

राजधानी लखनऊ के कृष्णा नगर इलाके से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एलडीए कॉलोनी में किराए के मकान में रह रही 40 वर्षीय युवती ने अपने ही प्रेमी की बेवफाई और मानसिक उत्पीड़न से तंग आकर खौफनाक कदम उठा लिया। मृतका ने फांसी लगाने से पहले एक सुसाइड नोट भी छोड़ा है, जिसमें उसने प्रेमी पर धोखा देने और उत्पीड़न करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया और मृतका की बहन की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर आरोपी प्रेमी को सलाखों के पीछे भेज दिया है।

चार साल से चल रहा था प्रेम प्रसंग, किराए के कमरे में रखा था

जानकारी के मुताबिक, आशियाना इलाके के सेक्टर एम1 की रहने वाली आकांक्षा गुप्ता ने पुलिस को बताया कि उनकी बड़ी बहन शिवानी गुप्ता (40) का एलडीए कॉलोनी के सेक्टर डी1 निवासी वरुण श्रीवास्तव के साथ पिछले चार वर्षों से प्रेम संबंध चल रहा था। वरुण एक पेशे से इलेक्ट्रिक कारोबारी है। वह शादीशुदा है और तीन बच्चों का पिता भी है। आरोपी की पत्नी और बच्चे दुकान के पीछे वाले मकान में रहते हैं, जबकि उसने अपनी दुकान के ऊपर बने कमरे में शिवानी को किराए पर ठहरा रखा था।

फोन न उठाने पर कमरे में पहुंचे परिजन, पंखे से लटक रहा था शव

आकांक्षा के अनुसार, बुधवार शाम जब शिवानी का फोन नहीं लग रहा था और उससे संपर्क टूट गया, तो उन्हें अनहोनी की आशंका हुई। वह तुरंत अपने भाई को साथ लेकर शिवानी के कमरे पर पहुंचीं। वहां का नजारा देखकर परिजनों के होश उड़ गए। शिवानी का शव कमरे में दुपट्टे के सहारे फंदे से लटक रहा था। परिजनों ने तुरंत इस खौफनाक घटना की सूचना पुलिस को दी।

पिता के पैसे और मां के गहने ऐंठने का आरोप

मृतका की बहन ने आरोपी वरुण पर बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं। आकांक्षा का कहना है कि वरुण अय्याश किस्म का व्यक्ति है। शिवानी के पास पिता द्वारा बेचे गए मकान के पैसे और दिवंगत मां के सारे सोने-चांदी के जेवरात मौजूद थे। आरोप है कि वरुण ने प्यार का झांसा देकर उनसे काफी कुछ ऐंठ लिया और लगातार मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित करता रहा।

सुसाइड नोट ने खोली पोल, आरोपी पहुंचा जेल

घटना की सूचना मिलते ही कृष्णा नगर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को फंदे से नीचे उतारकर पंचायतनामा भरा और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। तलाशी के दौरान पुलिस को कमरे से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसमें मृतका ने वरुण पर बेवफाई और छल-कपट के गंभीर आरोप लगाए हैं।

कृष्णा नगर इंस्पेक्टर पीके सिंह के मुताबिक, मृतका के पास से मिले सुसाइड नोट और बहन आकांक्षा गुप्ता की लिखित शिकायत के आधार पर आरोपी वरुण श्रीवास्तव के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने, शोषण करने और मारपीट की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। बताया जा रहा है कि मृतका के माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका है और चार भाई-बहनों में मृतका शिवानी सबसे बड़ी व अविवाहित थी।

 

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment

Are you human? Please solve:Captcha