लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के संगम नगरी प्रयागराज दौरे से ठीक पहले शहर का राजनीतिक पारा चढ़ गया है। राहुल गांधी के पहुंचने से पूर्व ही शहर के प्रमुख चौराहों और इलाकों में उनके खिलाफ विवादित पोस्टरों की बाढ़ आ गई है। इन पोस्टरों के जरिए राहुल गांधी की नीतियों पर तीखे तंज कसे गए हैं और झारखंड के मुद्दों पर उनसे जवाब मांगा गया है। पोस्टर वार के सामने आते ही कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी के बीच जुबानी जंग भी तेज हो गई है।
‘NEET पर HYPOCRISY की सीमा’— विवादित पोस्टरों से पटा संगम शहर
प्रयागराज में लगे इन पोस्टरों में राहुल गांधी को सीधे निशाने पर लिया गया है। एक बड़े पोस्टर में लिखा गया है— ‘NEET पर HYPOCRISY की भी सीमा होती है!’ इसी पोस्टर में राहुल गांधी की तस्वीर के साथ एक तरफ ‘प्रयागराज WOW’ और दूसरी तरफ ‘झारखंड छी…’ लिखकर सवाल खड़े किए गए हैं। वहीं, शहर में लगा एक अन्य पोस्टर भी राहगीरों का ध्यान खींच रहा है, जिस पर तंजिया लहजे में लिखा है— ‘कब आओगे मेरे राहुल? तुम्हें झारखंड बुलाता है.’ इन पोस्टरों के जरिए विपक्ष ने राहुल गांधी के अलग-अलग राज्यों में अपनाए जाने वाले राजनीतिक रुख पर हमला बोला है।
बीजेपी का राहुल गांधी पर करारा हमला: ‘छात्रों के कंधे पर रखकर चला रहे बंदूक’
पोस्टर वार के बीच भारतीय जनता पार्टी ने भी कांग्रेस सांसद के दौरे को लेकर आक्रामक रुख अपना लिया है। बीजेपी के प्रदेश प्रवक्ता राकेश त्रिपाठी ने राहुल गांधी पर हमला बोलते हुए कहा कि वे छात्रों के कंधे पर बंदूक रखकर राजनीति में मुनाफा कमाने की कोशिश कर रहे हैं, जो पूरी तरह नाकाम होगी। प्रवक्ता ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार ने युवाओं और छात्रों की समस्याओं का धरातल पर समाधान किया है, इसलिए प्रदेश का युवा अब किसी के बहकावे में आने वाला नहीं है।
‘9 लाख से अधिक सरकारी नौकरियां दीं, मुगालते में न रहें राहुल’— बीजेपी प्रवक्ता
बीजेपी प्रवक्ता राकेश त्रिपाठी ने सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि भाजपा शासन में युवाओं को रोजगार के व्यापक अवसर दिए गए हैं और अब तक 9 लाख से अधिक सरकारी नौकरियां प्रदान की गई हैं। उत्तर प्रदेश को कौशल विकास से जोड़ने के साथ-साथ राज्य को देश का प्रमुख निवेश हब बनाया गया है। उन्होंने राहुल गांधी को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश का स्वाभिमानी युवा किसी मुगालते में नहीं आने वाला। इसके साथ ही बीजेपी प्रवक्ता ने राहुल गांधी को यह सलाह भी दे डाली कि प्रयागराज यात्रा के दौरान वे अपने दादा फिरोज जहांगीर गांधी की कब्र पर जाकर फूल जरूर चढ़ाएं।












‘प्रयागराज WOW, झारखंड छी’….राहुल गांधी के दौरे से पहले गरमाई सियासत: शहर में लगे ‘तंज कसते’ पोस्टर, बीजेपी बोली- ‘छात्रों के कंधे पर बंदूक रख रहे’