बस्ती: उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले के दुबौलिया थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां बाप-बेटी के पवित्र रिश्ते को कलंकित करते हुए एक कलयुगी बेटी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पिता को मौत के घाट उतार दिया। नहर के पास एक 50 वर्षीय व्यक्ति का खून से लथपथ शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्यारोपी बेटी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है।
नहर के पास मिला था अधेड़ का शव
दुबौलिया थाना क्षेत्र के बभरौली गांव के पास नहर के किनारे एक 50 वर्षीय व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान छावनी थाना क्षेत्र के रमवापुर तिवारी गांव निवासी कृष्णा प्रसाद के रूप में हुई। जानकारी के अनुसार 21 अगस्त की रात करीब दस बजे बभरौली गांव से उत्तर दिशा में लगभग पांच सौ मीटर की दूरी पर नहर के पास कृष्णा प्रसाद का शव बरामद हुआ। उनके गले और कान के पीछे धारदार हथियार से गहरे घाव के निशान थे, जिससे साफ जाहिर होता था कि हत्या बेहद बेरहमी से की गई है। घटना की सूचना मिलते ही दुबौलिया पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
आपत्तिजनक स्थिति में देखने पर भड़का विवाद
इस सनसनीखेज हत्याकांड के खुलासे में चौंकाने वाली वजह सामने आई। मृतक के भाई कांशीराम ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उनके भाई कृष्णा प्रसाद की बेटी दुर्गा का पड़ोसी गांव बभरौली निवासी लक्ष्मण के साथ लंबे समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। कृष्णा प्रसाद इस रिश्ते के सख्त खिलाफ थे और बेटी को समझा-बुझाकर कहीं और उसकी शादी तय करने की बात कर रहे थे।
शुक्रवार की दोपहर दुर्गा घर से बकरी चराने के लिए निकली थी। इसी दौरान नहर के पास कृष्णा प्रसाद ने अपनी पुत्री को उसके प्रेमी लक्ष्मण के साथ आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया। गुस्से में आकर पिता ने बकरी चराने के लिए साथ ले गई बांस की लग्गी (डंडे) से दोनों की पिटाई शुरू कर दी।
हसिए से ताबड़तोड़ वार कर उतारा मौत के घाट
बेटी और उसके प्रेमी ने गुस्से में आकर पिता कृष्णा प्रसाद से बांस की लग्गी छीन ली। इसके बाद उसी बांस में बंधे हसिए से दोनों ने कृष्णा प्रसाद पर कई ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़े। इसके बाद आरोपी प्रेमी-प्रेमिका मौके से अपने-अपने घर फरार हो गए। देर रात तक जब कृष्णा प्रसाद घर नहीं लौटे तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की, तब जाकर इस खौफनाक वारदात का पता चला।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को किया गिरफ्तार
मामले की गंभीरता को देखते हुए क्षेत्राधिकारी (CO) कलवारी बृजेश सिंह ने बताया कि पिता द्वारा आपत्तिजनक स्थिति में देख लिए जाने से नाराज होकर बेटी और उसके प्रेमी ने बांस के डंडे में बंधे हसिए से हमला कर कृष्णा प्रसाद की हत्या कर दी थी। पुलिस ने मृतक के भाई की तहरीर पर बीएनएस (BNS) की धारा 103 (1) के तहत दुर्गा और लक्ष्मण के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।














