
लखनऊ के बख्शी का तालाब (बीकेटी) थाना क्षेत्र स्थित एक गर्ल्स हॉस्टल में रविवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक छात्रा से मिलने पहुंचे युवक को स्थानीय लोगों और हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं ने पकड़ लिया। मामला दो अलग-अलग समुदायों से जुड़ा होने के कारण देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। कार्यकर्ताओं का आरोप है कि रायबरेली निवासी युवक ने हिंदू छात्रा को अपने जाल में फंसाकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए और उस पर धर्मांतरण का दबाव बना रहा था। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को हिरासत में लेकर थाने ले आई।
बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने घेरा, भागने की कोशिश में पकड़ा गया आरोपी

बजरंग दल के जिला सह मंत्री सुशील कुमार की ओर से पुलिस को सौंपी गई लिखित तहरीर में बताया गया है कि उन्हें बीकेटी के एक गर्ल्स हॉस्टल में संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिली थी। खबर मिलते ही संगठन के कार्यकर्ता हॉस्टल के बाहर एकत्र हो गए। बाहर लोगों की आहट और शोर सुनकर कमरे में मौजूद युवक ने भागने का प्रयास किया, लेकिन मुस्तैद कार्यकर्ताओं और आसपास के लोगों ने उसे खदेड़कर दबोच लिया। आरोप है कि पकड़े जाने के दौरान युवक ने कार्यकर्ताओं को जान से मारने की धमकी भी दी। इसके बाद तत्काल बीकेटी थाना पुलिस को सूचना दी गई और मौके पर पहुंची पुलिस टीम के हवाले आरोपी को कर दिया गया।
निजी नर्सिंग कॉलेज के सहपाठी हैं दोनों, परिजनों को बुलाया गया
घटना के संबंध में बीकेटी थाना प्रभारी निरीक्षक संजय सिंह ने बताया कि प्राथमिक पूछताछ में यह सामने आया है कि युवक और युवती क्षेत्र के ही एक निजी नर्सिंग कॉलेज में एक साथ पढ़ाई करते हैं और सहपाठी हैं। रविवार को युवक छात्रा से मुलाकात करने के लिए हॉस्टल पहुंचा था, जहां लोगों ने उसे देख लिया। पुलिस प्रशासन ने तुरंत दोनों के परिजनों को सूचित कर दिया है। परिजनों के थाने पहुंचने पर दोनों पक्षों की मौजूदगी में बातचीत की जाएगी और साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई तय होगी।
गंभीर आरोपों की पड़ताल में जुटी पुलिस, जांच के बाद साफ होगी स्थिति
संगठन के पदाधिकारियों ने पुलिस को दी तहरीर में साफ कहा है कि इस तरह की गतिविधियां सामाजिक सौहार्द को बिगड़ने वाली और व्यक्तिगत सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा हैं। इसलिए आरोपी के खिलाफ सख्त धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कठोर कार्रवाई की जाए। दूसरी ओर, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए हर पहलू की गहनता से जांच की जा रही है। बजरंग दल द्वारा लगाए गए लव जिहाद और धर्मांतरण के गंभीर आरोपों की सत्यता जांच प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।









