बदायूं। उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले से इस वक्त की सबसे बड़ी सनसनीखेज खबर सामने आ रही है। इलाके में आतंक का पर्याय बन चुके और 19 लाख रुपये की सनसनीखेज डकैती के मास्टरमाइंड 50 हजार के इनामी बदमाश जितेंद्र उर्फ ढालू को पुलिस ने एक भीषण मुठभेड़ में मार गिराया है। बदायूं-बिजनौर हाईवे पर स्थित प्रस्तावित जेल के पास जंगलों में हुई इस आमने-सामने की मुठभेड़ में यूपी पुलिस का खौफनाक रूप देखने को मिला।
इस एनकाउंटर के दौरान खुद को घिरता देख शातिर बदमाश ने पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग झोंक दी। ढालू की ओर से चलाई गई गोलियां शेखूपुर पुलिस चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक नीरज कुमार और कांस्टेबल अविनाश के बाएं हाथ को छूती हुई निकल गईं, जिससे दोनों लहूलुहान होकर घायल हो गए। दोनों जांबाज पुलिसकर्मियों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। मारे गए डकैत के पास से एक अत्याधुनिक ऑटोमेटिक पिस्टल, वारदात में इस्तेमाल बाइक और हालिया डकैती में लूटे गए सोने-चांदी के भारी जेवर बरामद हुए हैं।
आधी रात को हाईवे के जंगल में घेराबंदी, सीने में धंसी पुलिस की गोली
यह पूरी खूनी मुठभेड़ सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र की है। पुलिस को पुख्ता मुखबिर से सूचना मिली थी कि 19 मई की रात को इस्लामनगर में हुई खौफनाक डकैती का मुख्य सूत्रधार और 50 हजार का इनामी जितेंद्र उर्फ ढालू किसी नई बड़ी वारदात को अंजाम देने के इरादे से बदायूं-बिजनौर हाईवे के पास जंगलों में छिपा हुआ है। सूचना मिलते ही सिविल लाइंस पुलिस ने स्वात टीम के साथ मिलकर इलाके की घेराबंदी शुरू कर दी।
पुलिस ने जैसे ही बदमाश को सरेंडर करने के लिए ललकारा, उसने जान से मारने की नीयत से ऑटोमेटिक पिस्टल से गोलियां बरसाना शुरू कर दिया। पुलिस टीम ने भी आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की। दोनों तरफ से हुई कई राउंड फायरिंग के बीच पुलिस की एक सटीक गोली सीधे ढालू के सीने में जा धंसी। गोली लगते ही डकैत खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़ा। पुलिस उसे तुरंत इलाज के लिए जिला अस्पताल लेकर भागी, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
1 साल के मासूम पर तानी थी बंदूक, 2 घंटे मचाया था तांडव
बदायूं की एसएसपी अंकिता शर्मा ने एनकाउंटर की पुष्टि करते हुए बताया कि मारा गया बदमाश जितेंद्र उर्फ ढालू मूल रूप से हापुड़ के धौलाना का रहने वाला था और वर्तमान में संभल के बनियाठर इलाके में अपना ठिकाना बनाए हुए था। ढालू ने अपने गैंग के साथ मिलकर बीती 19 मई को इस्लामनगर थाना क्षेत्र के एक स्थानीय किसान निजाकत के घर पर धावा बोला था।
हथियारों से लैस बदमाशों ने किसान के घर में पूरे दो घंटे तक मौत का नंगा नाच किया था। इस हैवान गैंग ने परिवार के लोगों को बंधक बनाकर करीब 19 लाख रुपये की डकैती डाली थी। हद तो तब हो गई जब बदमाशों ने घर के महज एक साल के मासूम बच्चे की कनपटी पर बंदूक तान दी थी। जब घर की महिलाओं और पुरुषों ने इसका विरोध किया, तो ढालू और उसके साथियों ने तमंचों की बट और लाठी-डंडों से पीट-पीटकर परिवार के 6 लोगों को अधमरा कर दिया था। इस खौफनाक कांड के बाद से ही पुलिस इसकी तलाश में दिन-रात एक किए हुए थी।
सात साथी पहले ही जा चुके थे जेल, ढालू का हुआ अंत
एसएसपी ने आगे बताया कि इस खौफनाक वारदात के बाद पुलिस की कई टीमें लगातार दबिश दे रही थीं। पुलिस इस गैंग के सात अन्य शातिर बदमाशों को पहले ही गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज चुकी थी, लेकिन मास्टरमाइंड ढालू लगातार अपनी लोकेशन बदल रहा था और पुलिस की आंखों में धूल झोंक रहा था। आखिरकार बदायूं पुलिस की मुस्तैदी ने इस दुर्दांत अपराधी का अंत कर दिया। इस एनकाउंटर के बाद से इलाके के लोगों ने राहत की सांस ली है, वहीं अपराध जगत में हड़कंप मच गया है।













