बैटरी ऑन रेंट से सस्ती हुईं इलेक्ट्रिक गाड़ियां: BaaS मॉडल से ₹3.5 से ₹5.5 लाख तक घटे कार के दाम; Kia, Tata और Maruti की इन कारों पर ऑफर

भारत में इलेक्ट्रिक गाड़ियों (EV) का क्रेज तेजी से बढ़ रहा है, लेकिन पारंपरिक पेट्रोल-डीजल कारों की तुलना में अधिक कीमत होना हमेशा से ग्राहकों के लिए चिंता का विषय रहा है. इस समस्या को दूर करने के लिए ऑटो कंपनियों ने ‘Battery-as-a-Service’ (BaaS) यानी बैटरी रेंटल मॉडल पेश किया है. इस मॉडल के तहत ग्राहक को गाड़ी खरीदते समय बैटरी की कीमत नहीं देनी होती, बल्कि बैटरी अलग से किराए पर मिलती है और इसका भुगतान प्रति किलोमीटर (Per km) के हिसाब से करना होता है. इससे गाड़ी की शुरुआती ऑन-रोड कीमत काफी कम हो जाती है. आइए जानते हैं कौन-कौन सी कारों पर यह विकल्प मिल रहा है.

Kia Syros EV: ₹5.5 लाख तक कम हुई शुरुआती कीमत

Kia ने अपनी नई Syros EV में BaaS मॉडल की सुविधा दी है. इसकी सामान्य एक्स-शोरूम कीमत ₹13.49 लाख से शुरू होती है, लेकिन BaaS प्लान चुनने पर ग्राहक इसे मात्र ₹7.99 लाख की शुरुआती कीमत में घर ले जा सकते हैं. इसके लिए ग्राहकों को ₹3.30 प्रति किलोमीटर का बैटरी रेंट देना होगा. यह इलेक्ट्रिक एसयूवी 42kWh और 51.4kWh के दो बैटरी पैक विकल्पों में आती है और सिंगल चार्ज में 526 किमी तक की रेंज देने का दावा करती है.

MG Comet EV: बजट सेगमेंट में सबसे सस्ती इलेक्ट्रिक कार

अगर आपका बजट कम है तो MG Comet EV एक बेहतर विकल्प साबित हो सकती है. सामान्य तौर पर ₹7.63 लाख में आने वाली यह कॉम्पैक्ट कार BaaS मॉडल के साथ महज ₹4.92 लाख में उपलब्ध है. इस कार के लिए कंपनी ₹3.20 प्रति किलोमीटर का बैटरी रेंट चार्ज करती है.

Tata Punch.ev और Tiago.ev: टाटा की लोकप्रिय कारों पर भी विकल्प

टाटा मोटर्स की माइक्रो-एसयूवी Punch.ev का बेस वेरिएंट सामान्य तौर पर ₹9.69 लाख का है, लेकिन BaaS प्लान में इसकी शुरुआती कीमत ₹6.49 लाख रह जाती है. वहीं देश की लोकप्रिय हैचबैक Tiago.ev की सामान्य कीमत ₹6.99 लाख है, जो BaaS चुनने पर ₹4.69 लाख में मिल जाती है. इन दोनों कारों के लिए ग्राहकों को केवल ₹2.60 प्रति किलोमीटर का बैटरी किराया देना होता है.

Maruti Suzuki e Vitara: मारुति की पहली EV पर भी बड़ी राहत

मारुति सुजुकी की पहली इलेक्ट्रिक SUV ‘e Vitara’ भी BaaS ऑप्शन के साथ आती है. सामान्य तौर पर ₹15.99 लाख की शुरुआती कीमत वाली यह एसयूवी BaaS मॉडल के तहत ₹10.99 लाख में खरीदी जा सकती है. इसके लिए वेरिएंट के आधार पर ₹3.99 से ₹4.39 प्रति किलोमीटर तक का बैटरी किराया तय किया गया है.

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment

Are you human? Please solve:Captcha