
मथुरा। उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में ममता को शर्मसार कर देने वाली एक बेहद खौफनाक वारदात सामने आई है। बलदेव थाना क्षेत्र के छौली गांव में एक कलयुगी मां ने अपने ही तीन साल के मासूम कलेजे के टुकड़े की गला दबाकर हत्या कर दी। हत्या की वजह सिर्फ इतनी थी कि फोन पर प्रेमी से बात करते समय बच्चा रोता-चिल्लाता था और बात करने में बाधा डालता था। घटना के करीब एक महीने बाद पति को पत्नी के इस खौफनाक राज का पता चला, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी मां को हिरासत में ले लिया है।
अचानक बिगड़ी तबीयत का नाटक, परिजनों ने समझा सामान्य मौत पीड़ित पिता कृष्ण मुरारी ने बताया कि बीते 28 जून की शाम उनके पास पत्नी रुचि का फोन आया। उसने कहा कि उनका तीन साल का बेटा माधव काफी देर से सो रहा है और बार-बार जगाने पर भी उठ नहीं रहा है। कृष्ण मुरारी तुरंत घर पहुंचे और मासूम को लेकर पास के निजी अस्पताल भागे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उस वक्त परिवार ने इसे अचानक हुई दुखद मौत मान लिया और किस्मत का लिखा समझकर मासूम के शव को दफना दिया।
फोन पर प्रेमी से बात करते समय खुला खौफनाक राज घटना के करीब 23 दिन बाद यानी 21 जुलाई को आरोपी महिला रुचि फोन पर किसी से बात कर रही थी। इस दौरान पति कृष्ण मुरारी ने छुपकर उसकी पूरी बात सुन ली। रुचि अपने प्रेमी रोहित को बता रही थी कि बेटा माधव फोन पर बात करते समय बार-बार रोता था, जिससे गुस्सा आकर उसने उसका गला दबा दिया और उसकी जान निकल गई। सच सामने आते ही पति के पैरों तले जमीन खिसक गई।
पति के सामने कबूला जुर्म, पुलिस ने दर्ज की FIR जब पति कृष्ण मुरारी ने सख्ती से पूछताछ की, तो रुचि ने अपना जुर्म कुबूल कर लिया। उसने बताया कि रोहित नाम के युवक से उसका प्रेम प्रसंग चल रहा है। घटना वाले दिन बात करते समय बच्चा लगातार रो रहा था, जिससे झल्लाकर उसने उसका गला घोंट दिया। सच सामने आने के बाद पीड़िता के पिता ने थाने पहुंचकर अपनी पत्नी रुचि के खिलाफ पुलिस में लिखित शिकायत दर्ज कराई।
मामले की जानकारी देते हुए क्षेत्राधिकारी (सीओ) संजीव राय ने बताया कि पति की शिकायत पर आरोपी महिला के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया गया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।








