महिंद्रा का नया दांव: पहाड़ियों पर टेस्टिंग के दौरान दिखी Vision S SUV, ADAS फीचर्स और धांसू लुक ने उड़ाए होश

नई दिल्ली। भारतीय ऑटोमोबाइल बाजार में अपना दबदबा मजबूत करने के लिए महिंद्रा (Mahindra) अपनी नई SUV रेंज पर आक्रामक तरीके से काम कर रही है। इसी कड़ी में कंपनी की बहुप्रतीक्षित अपकमिंग SUV ‘Vision S’ लगातार सुर्खियों में बनी हुई है। पिछले साल पहली बार कॉन्सेप्ट अवतार में पेश किए जाने के बाद से ही इसके टेस्टिंग मॉडल्स को भारतीय सड़कों पर बार-बार देखा जा रहा है। हालिया स्पाई तस्वीरों से संकेत मिलते हैं कि कंपनी अब इसके प्रोडक्शन वर्जन को अंतिम रूप देने के काफी करीब पहुंच चुकी है।

नए LED हेडलैंप और मस्कुलर फ्रंट लुक

हाल ही में महिंद्रा Vision S को चुनौतीपूर्ण पहाड़ी इलाकों में टेस्टिंग करते हुए कैमरे में कैद किया गया। इस नए टेस्टिंग प्रोटोटाइप में पहले देखे गए मॉडल्स की तुलना में कई अहम बदलाव नजर आए हैं। गाड़ी का फ्रंट प्रोफाइल काफी अलग और आकर्षक दिखाई दे रहा है। इसमें नए LED हेडलैंप दिए गए हैं, जो पिछले साल दिखाए गए कॉन्सेप्ट मॉडल से काफी मिलते-जुलते हैं। इसके अलावा SUV में 7-शेप LED लाइटिंग एलिमेंट्स, नए डिजाइन की एग्रेसिव ग्रिल और सेंटर में महिंद्रा लोगो के लिए खास जगह बनाई गई है।

लेवल-2 ADAS सेफ्टी और बॉक्सी रफ-एंड-टफ अपील

सुरक्षा और टेक्नोलॉजी के मामले में यह SUV काफी एडवांस होने वाली है। टेस्टिंग मॉडल के फ्रंट बंपर में रडार सेंसर का कवर और विंडशील्ड के ऊपर कैमरा देखा गया है, जो इस बात का पक्का संकेत है कि Vision S में लेवल-2 ADAS (Advanced Driver Assistance Systems) जैसे आधुनिक सेफ्टी फीचर्स मिलेंगे।

डिजाइन की बात करें तो SUV का बॉक्सी सिलुएट और हाई ग्राउंड क्लीयरेंस साफ नजर आता है। पीछे की तरफ दिया गया वर्टिकल टेलगेट, छोटा रियर ग्लास और बाहर माउंट किया गया स्पेयर व्हील इसे ठेठ ऑफ-रोडर वाली रफ-एंड-टफ अपील देते हैं। इसके अलॉय व्हील्स का स्टाइल XUV700 के डिजाइन से प्रेरित दिखाई देता है।

NU-IQ प्लेटफॉर्म पर होगी तैयार, 2027 तक एंट्री की उम्मीद

इंटीरियर के मामले में Vision S का केबिन बेहद प्रीमियम रहने की उम्मीद है। इसमें लेयर्ड डैशबोर्ड, फुल डिजिटल ड्राइवर डिस्प्ले, बड़ा टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, पैनोरमिक सनरूफ और ऑटोमैटिक क्लाइमेट कंट्रोल जैसे हाई-टेक फीचर्स दिए जा सकते हैं।

महिंद्रा अपनी इस नई SUV को ‘NU-IQ’ प्लेटफॉर्म पर तैयार कर रही है। यह कार पेट्रोल, डीजल और ऑल-इलेक्ट्रिक (EV) तीनों ऑप्शंस में आ सकती है, जबकि भविष्य में इसका हाइब्रिड मॉडल भी पेश किया जा सकता है। इसके चुनिंदा वेरिएंट्स में ऑल-व्हील ड्राइव (AWD) सिस्टम भी मिलेगा। माना जा रहा है कि महिंद्रा इसे 2027 में आधिकारिक तौर पर लॉन्च कर सकती है।

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment

Are you human? Please solve:Captcha