
पश्चिम बंगाल के मालदा जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला एक खौफनाक मामला सामने आया है। यहां इंग्लिश बाजार थाना क्षेत्र के सत्तारी इलाके में एक पति ने अपने अवैध संबंधों के रास्ते से हटाने के लिए अपनी ही पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। हत्या जैसी वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने सबूत मिटाने के इरादे से शव को कमरे में पलंग के नीचे छिपा दिया। हालांकि, पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति और उसकी प्रेमिका को गिरफ्तार कर लिया है।
8 साल पहले हुई थी शादी, प्रवासी मजदूर है आरोपी पति
मृतका की पहचान 25 वर्षीय शीला बीबी के रूप में हुई है, जो मूल रूप से मालदा के मानिकचक पुलिस स्टेशन क्षेत्र स्थित इनायतपुर की रहने वाली थी। शीला का विवाह आठ साल पहले सत्तारी निवासी मोजम्मेल के साथ हुआ था। मोजम्मेल पेशे से एक प्रवासी मजदूर है और दूसरे राज्यों में काम करता है। दंपति के दो छोटे बच्चे भी हैं। सब कुछ ठीक चल रहा था, लेकिन पति के एक गलत कदम ने पूरे हंसते-खेलते परिवार को तबाह कर दिया।
रिश्ते की भाभी से चल रहा था चक्कर, रोज होता था विवाद
पुलिस और स्थानीय लोगों के मुताबिक, पिछले कुछ समय से मोजम्मेल का अपने ही परिवार की एक महिला (रिश्ते में भाभी) के साथ प्रेम संबंध शुरू हो गया था। जब शीला को इस अवैध रिश्ते की भनक लगी, तो उसने इसका कड़ा विरोध किया। इस बात को लेकर आए दिन घर में झगड़े होने लगे। घटना के दिन भी दोनों के बीच इसी मुद्दे पर तीखी बहस हुई। विवाद इतना बढ़ा कि गुस्से में आकर मोजम्मेल ने धारदार हथियार से शीला का गला रेतकर उसे मौत के घाट उतार दिया।
ग्रामीणों की सतर्कता से खुला राज, पुलिस ने प्रेमिका संग आरोपी को दबोचा
हत्या के बाद आरोपी ने चालाकी दिखाते हुए शीला के शव को बेड के नीचे छिपा दिया ताकि किसी को भनक न लगे। हालांकि, पड़ोसियों को मोजम्मेल की संदिग्ध गतिविधियों पर शक हुआ। जब ग्रामीणों ने घर के अंदर जाकर देखा, तो पलंग के नीचे शीला की रक्तरंजित लाश देखकर उनके होश उड़ गए। सूचना मिलते ही इंग्लिश बाजार पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को मालदा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मुख्य आरोपी मोजम्मेल और उसकी प्रेमिका दोनों को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।














