मिड-ईस्ट में महाजंग : अमेरिका ने पहली बार दागे खतरनाक सी-ड्रोन, ईरान ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज बंद करने का किया दावा-देखें VIDEO

वॉशिंगटन/तेहरान: अमेरिका और ईरान के बीच चल रही तनातनी अब एक बेहद खतरनाक मोड़ पर पहुंच गई है. सोमवार को दोनों देशों ने एक-दूसरे पर नए सिरे से ताबड़तोड़ मिसाइल और घातक ड्रोन हमले किए, जिसने मध्य पूर्व (Middle East) में बड़े युद्ध की आशंका को हवा दे दी है. हालात पल-पल बिगड़ रहे हैं और दोनों ही पक्ष पीछे हटने को तैयार नहीं हैं.

इतिहास में पहली बार ‘सी-ड्रोन’ से हमला, अमेरिका का एक्शन वीडियो जारी

इस भीषण टकराव के बीच यूएस सेंट्रल कमांड (CENTCOM) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (Twitter) पर एक हैरान करने वाला वीडियो जारी किया है. अमेरिकी सेना के मुताबिक, CENTCOM बलों ने कई अत्याधुनिक ‘वन-वे अटैक सरफेस ड्रोन’ का इस्तेमाल करके सीधे ईरान के भीतर घुसकर उसकी सबमरीन (पनडुब्बी) और जहाज मेंटेनेंस फैसिलिटी को निशाना बनाया. इस दौरान तीन ‘कोर्सेर अनमैन्ड सरफेस वेसल्स’ (समुद्री ड्रोन) ने ईरान के प्रमुख बंदर अब्बास नेवल बेस के पोर्ट पर भीषण हमला किया.

यूएस सेंट्रल कमांड ने दावा किया है कि सैन्य इतिहास में यह पहली बार है जब अमेरिकी सेना ने किसी कॉम्बैट ऑपरेशन (युद्ध) में सीधे तौर पर समुद्री ड्रोन (Sea Drone) का इस्तेमाल किया है. वाशिंगटन का मानना है कि इस सफल हमले से ईरान की कमर्शियल जहाजों पर हमला करने की क्षमता काफी हद तक कमजोर हो गई है.

ईरान ने बंद किया स्ट्रेट ऑफ होर्मुज, अमेरिका ने दागे ईरानी ठिकानों पर गोले

अमेरिकी हमले से भड़के ईरान ने जवाबी कार्रवाई करते हुए वैश्विक व्यापार के लिए जीवन रेखा माने जाने वाले रणनीतिक रूप से बेहद अहम ‘स्ट्रेट ऑफ होर्मुज’ (Hormuz Strait) को एक बार फिर से बंद करने का ऐलान कर दिया है. हालांकि, अमेरिका ने ईरान के इस दावे को खारिज करते हुए कहा है कि यह अंतरराष्ट्रीय जलमार्ग कमर्शियल शिपिंग के लिए पूरी तरह खुला है और वे इसकी सुरक्षा सुनिश्चित करेंगे.

इसी तनातनी के बीच अमेरिकी सेना ने होर्मुज जलडमरूमध्य के आसपास बने ईरानी सैन्य ठिकानों पर नए सिरे से हवाई हमले किए हैं. दूसरी तरफ, तेहरान ने भी हार न मानते हुए खाड़ी क्षेत्र में मौजूद अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया है और किसी भी कीमत पर अपने शिपिंग रूट की रक्षा करने का संकल्प दोहराया है.

कतर, कुवैत और जॉर्डन तक पहुंची जंग की आंच, शांति समझौता खटाई में पड़ा

दोनों देशों के बीच भड़की यह नई चिंगारी अब सिर्फ उन तक सीमित नहीं रह गई है. ताजा हमलों का दायरा तेजी से फैलते हुए कतर, कुवैत, ओमान, जॉर्डन, संयुक्त अरब अमीरात (UAE) और बहरीन तक पहुंच गया है, जिससे पूरे खाड़ी क्षेत्र में तबाही का डर मंडराने लगा है.

इस ताजा गोलाबारी और ड्रोन हमलों ने पिछले महीने अमेरिका और ईरान के बीच हुए उस अंतरिम समझौते पर भी गंभीर सवालिया निशान लगा दिए हैं, जिसके तहत होर्मुज के रास्ते को दोबारा खोलने और 60 दिनों की बातचीत के बाद एक व्यापक शांति समझौता करने का खाका तैयार किया गया था. मौजूदा हालातों को देखकर लगता है कि शांति की यह कोशिश अब पूरी तरह खटाई में पड़ चुकी है.

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment