मुरादाबाद। उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले के मझोला थाना क्षेत्र से एक बेहद गंभीर और सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक अनुसूचित जाति (SC) की महिला को धोखे से घर बुलाकर पिस्टल की नोक पर उसका जबरन धर्म परिवर्तन (Conversion) कराने का आरोप है। आरोप है कि महिला पर जबरन निकाह का दबाव बनाया गया और कई दिनों तक बंधक बनाकर उसे शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया। पीड़िता की तहरीर पर मझोला पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी सुल्तान सलाउद्दीन और उसकी पत्नी मेहनाज बेगम को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पुलिस का सख्त एक्शन: BNS और SC/ST एक्ट में केस दर्ज
शिकायत के अनुसार, यह घटना 6 फरवरी 2026 की है। पीड़िता की तहरीर मिलते ही मझोला पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए फौरन केस दर्ज कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 127(2), 61(2), 352, 351(3), 74 के साथ-साथ उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम, 2021 की धारा 3/5(1) और SC/ST (अत्याचार निवारण) अधिनियम के तहत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस ने मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, इस साजिश में शामिल एक मौलवी और दो अज्ञात आरोपियों की तलाश में पुलिस की कई टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस का स्पष्ट कहना है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
पीड़िता की जुबानी: 3 साल के पारिवारिक संबंधों का उठाया फायदा
दर्ज कराई गई एफआईआर (FIR) में पीड़िता ने आपबीती सुनाते हुए बताया कि, मझोला इलाके के पीर का बाजार (जयन्तीपुर) निवासी सुल्तान सलाउद्दीन और उसकी पत्नी मेहनाज बेगम से उनके पिछले 3 सालों से अच्छे पारिवारिक संबंध थे। दोनों परिवारों का एक-दूसरे के घर आना-जाना था और वे मिलजुल कर त्योहार भी मनाते थे। आरोप है कि सुल्तान सलाउद्दीन काफी समय से पीड़िता पर बुरी नीयत रखता था।
बीती 6 फरवरी 2026 को मेहनाज बेगम ने पीड़िता को विश्वास में लेकर अपने घर बुलाया। जब पीड़िता वहां पहुंची, तो घर में पहले से ही सलाउद्दीन, एक मौलवी और दो अज्ञात लोग मौजूद थे। वहां पहुंचते ही आरोपियों ने महिला को जबरन बंधक बना लिया। इसके बाद पिस्टल की नोक पर डरा-धमकाकर मौलवी के जरिए जबरन उसका धर्म परिवर्तन कराया गया और कलमे पढ़वाए गए।
विरोध करने पर जातिसूचक गालियां, अश्लील हरकत और जान से मारने की धमकी
जब आरोपियों ने पीड़िता पर निकाह का दबाव बनाया, तो उसने इसका कड़ा विरोध किया। विरोध करने पर आरोपियों ने महिला को जातिसूचक शब्द बोलते हुए भद्दी गालियां दीं और बात न मानने पर जान से मारने की धमकी दी। महिला को कई दिनों तक बंधक बनाकर रखा गया, जिस दौरान सलाउद्दीन ने उसके साथ अश्लील हरकतें और छेड़खानी भी की। किसी तरह चंगुल से छूटकर जान बचाकर निकली पीड़िता ने पुलिस को बताया कि आरोपी सलाउद्दीन एक शातिर और आदतन अपराधी है। उसके खिलाफ बदायूं में भी हत्या के प्रयास (तत्कालीन 307 IPC) और SC/ST एक्ट का मुकदमा पहले से चल रहा है।
एसपी सिटी का बयान: 2 आरोपी जेल भेजे गए, बाकी की तलाश जारी
मुरादाबाद के पुलिस अधीक्षक नगर (एसपी सिटी) कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि, “थाना मझोला में प्रकाश नगर की रहने वाली एक महिला द्वारा प्रार्थना पत्र दिया गया था। महिला ने सुल्तान सलाउद्दीन और उसके परिवार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला का कहना है कि जान-पहचान का फायदा उठाकर आरोपी की पत्नी मेहनाज ने उसे अपने घर बुलाया, जहां सुल्तान सलाउद्दीन ने उसके साथ दुर्व्यवहार किया। इसके बाद पीड़िता पर जबरन धर्म परिवर्तन करने का दबाव बनाया गया और उसे किडनैप कर बंधक बनाकर रखा गया।”
एसपी सिटी ने आगे बताया कि प्रार्थना पत्र मिलते ही पुलिस ने तत्काल सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया। मझोला पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों मुख्य नामजद अभियुक्तों—सुल्तान सलाउद्दीन और उसकी पत्नी मेहनाज—को गिरफ्तार कर लिया है और उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेजा जा रहा है। इस घटना में शामिल मौलवी और अन्य दो अज्ञात व्यक्तियों की पहचान कर उन्हें भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।










