
उत्तर प्रदेश में मेरठ के कांशीराम कॉलोनी में एक युवक ने गुरुवार को अपनी भाभी की गला रेत कर हत्या कर दी। हत्या करने के बाद आरोपी घर के बाहर पार्क में आकर बैठ गया। जहां उसने पहले से पार्क में बैठे लोगों के सामने यह कहकर चीखने लगा कि, मैंने अपनी भाभी को मार दिया। इसके बाद वह वहां से भाग गया। सूचना पर पहुंची थाना खरखौदा पुुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी है।
कांशीराम कॉलोनी में रहने वाले अय्यूब की पत्नी गुलिस्ता (25) गुरुवार को अपने दो बच्चों के साथ कमरे में सो रही थी। आरोप है कि इसी दौरान उसके देवर महबूब ने उसकी गला रेतकर हत्या कर दी। हत्या करने के बाद आरोपी घर के बाहर पार्क में आकर बैठ गया और कुछ देर बाद भाभी के कत्ल करने की बात कहकर वहां से फरार हो गया। महबूब की बात सुनकर आसपास के लोग घर के अंदर पहुंचे जहां गुलिस्ता का खून से लथपथ शव पड़ा था। बताया जा रहा है कि उसके सिर पर हथौड़े से भी वार किया गया और गला भी किसी धारदार हथियार से रेता गया। कॉलोनी के लोगों का कहना है कि महबूब टेंपो चलाता है और नशा करने का आदी है।
घटना की सूचना मिलने पर थाना खरखौदा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। पुलिस हत्या कर फरार हुए आरोपी की तलाश में जुटी है। थाना खरखौदा पुलिस का कहना है कि परिजनों की तहरीर के आधार पर केस दर्ज किया जाएगा और जल्द ही आरोपी की गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा।










