मेरठ। उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले से एक ऐसी खौफनाक वारदात सामने आई है, जिसने मानवीय रिश्तों को तार-पैर कर दिया है। यहां एक कलयुगी पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपने ही पति को मौत के घाट उतार दिया। मर्डर की इस वारदात को अंजाम देने के लिए आरोपियों ने ऐसा शातिराना तरीका चुना कि पहली नजर में यह महज एक प्राकृतिक हादसा लगे। पत्नी ने प्रेमी और दो सपेरों की मदद से सोते हुए पति को जहरीले सांप से डसवा दिया। इस सनसनीखेज हत्याकांड के पीछे की वजह बेहद हैरान करने वाली है, क्योंकि पत्नी की नजर अपने पति की मौत के बाद मिलने वाली 20 लाख रुपये की बीमा राशि पर थी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मुख्य आरोपी पत्नी, उसके प्रेमी और दो सपेरों को गिरफ्तार कर लिया है।
चादर हटाते ही चीख पड़ी पत्नी, पहले पुलिस को ऐसे किया गुमराह
पुलिस के मुताबिक, ग्राम भंडोरा निवासी 35 वर्षीय अतुल पंवार अपनी पत्नी दामिनी के साथ हस्तिनापुर के रामलीला मैदान के पास ‘कृष्णा किड्स पब्लिक स्कूल’ चलाते थे। दोनों ने साल 2019 में प्रेम विवाह किया था। शुक्रवार सुबह दामिनी ने अचानक शोर मचाया और पति को सांप के काटने की बात कहकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) हस्तिनापुर पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने अतुल को मृत घोषित कर दिया।
दामिनी ने शुरुआत में पुलिस को गुमराह करने के लिए कहानी गढ़ी। उसने बताया कि वह रात करीब 2 बजे अपने 6 साल के बेटे को लेकर दूसरे कमरे में सोने चली गई थी। सुबह जब वह कमरे में लौटी, तो पति बेड पर चादर ओढ़कर लेटे थे। कई बार आवाज देने पर भी जब कोई हलचल नहीं हुई, तो उसने चादर हटाई। बिस्तर पर एक जहरीला सांप देखकर उसकी चीख निकल गई। पहली नजर में हर किसी ने इसे सांप के काटने से हुई सामान्य मौत माना, लेकिन घटनास्थल की संदिग्ध परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर अपनी जांच शुरू की।
स्कूल के ड्राइवर से थे अवैध संबंध, कॉल डिटेल ने खोला राज
हस्तिनापुर थाना पुलिस ने जब मामले की गहराई से तफ्तीश शुरू की, तो सबसे पहले दामिनी के मोबाइल की कॉल डिटेल (CDR) और तकनीकी साक्ष्यों को खंगाला गया। जांच में सामने आया कि दामिनी स्कूल के ही बस ड्राइवर तुषार उर्फ निक्की के साथ लगातार संपर्क में थी। पुलिस ने जब तुषार को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की, तो उसने दामिनी के साथ अपने अवैध संबंधों की बात कबूल कर ली। दोनों ने मिलकर अतुल को रास्ते से हटाने के लिए इस खौफनाक मर्डर का ताना-बाना बुना था।
दूध में दी नींद की गोलियां, फिर बिस्तर में छोड़ दिया जहरीला सांप
पूछताछ में आरोपियों ने जो खुलासा किया, उसने पुलिसकर्मियों के भी होश उड़ा दिए। तय योजना के मुताबिक, गुरुवार की रात दामिनी ने अपने पति अतुल को पीने के लिए दूध दिया, जिसमें पहले से ही भारी मात्रा में नींद की गोलियां मिलाई गई थीं। दूध पीते ही अतुल गहरी नींद में सो गया और अचेत हो गया। इसके बाद दामिनी ने अपने प्रेमी तुषार की मदद से लाए गए जहरीले सांप को अतुल के कंबल के अंदर छोड़ दिया। सांप ने गहरी नींद में सो रहे अतुल को पैर पर डस लिया, जिससे शरीर में जहर फैल गया और तड़प-तड़प कर उसकी मौत हो गई।
20 लाख के बीमे पर थी नजर, 20 दिन पहले भी हुआ था जानलेवा हमला
पुलिस जांच में इस मर्डर का सबसे बड़ा मोटिव सामने आया। दरअसल, अतुल के नाम पर करीब 20 लाख रुपये का जीवन बीमा था। दामिनी और तुषार इस रकम को हड़पना चाहते थे। उन्होंने सांप का इंतजाम करने वाले दो सपेरों- सोनू और उदय से वादा किया था कि बीमा के पैसे मिलते ही वे उन्हें 5 लाख रुपये देंगे।
इतना ही नहीं, यह अतुल को मारने का पहला प्रयास नहीं था। इससे करीब 20 दिन पहले भी प्रेमी तुषार ने अतुल को रास्ते से हटाने के लिए अपनी अर्टिगा कार से टक्कर मारकर एक सड़क हादसा दिखाने की कोशिश की थी। हालांकि, उस वक्त अतुल ने हेलमेट पहन रखा था, जिसके कारण उनकी जान बच गई थी।
प्रेमी भी था शादीशुदा, तलाक की थी तैयारी
पुलिस के अनुसार, दामिनी का प्रेमी तुषार भी पहले से शादीशुदा है। वह अपनी पत्नी को तलाक देकर दामिनी के साथ नई जिंदगी शुरू करने की तैयारी कर रहा था। लेकिन इससे पहले कि दोनों अपने मंसूबों में पूरी तरह कामयाब हो पाते और बीमा की रकम डकारते, पुलिस की मुस्तैदी और मोबाइल सिंडिकेट की जांच ने उनकी पूरी प्लानिंग को बेनकाब कर दिया। पुलिस ने चारों आरोपियों को जेल भेज दिया है।













