नई दिल्ली। देश से विदाई की ओर बढ़ रहे मॉनसून का रौद्र रूप जारी है। उत्तर भारत से लेकर दक्षिण और पूर्वोत्तर राज्यों तक भारी बारिश के कारण नदियां उफान पर हैं और आम जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 8 सितंबर को देशभर के कई राज्यों में तेज आंधी और भारी बारिश को लेकर रेड और येलो अलर्ट जारी किया है। मॉनसून के अंतिम चरण में उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान और पहाड़ी राज्यों में मौसमी गतिविधियां काफी तेज हो गई हैं।
दिल्ली-NCR में छाए रहेंगे बादल, 11 सितंबर से फिर शुरू होगी बारिश
राजधानी दिल्ली में आज मौसम विभाग ने आमतौर पर बादल छाए रहने और हल्की बारिश या बूंदाबांदी की संभावना जताई है। दिल्ली में आज अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, 9 और 10 सितंबर को दिल्ली में बारिश से राहत रहेगी, लेकिन 11 से 13 सितंबर के बीच एक बार फिर हल्की से मध्यम बारिश का दौर देखने को मिल सकता है।
यूपी, बिहार और झारखंड में अलर्ट: उफान पर नदियां
उत्तर प्रदेश में आज मॉनसून बेहद सक्रिय रहने वाला है। मौसम विभाग ने राज्य के गोरखपुर, कानपुर, आगरा, सीतापुर, हरदोई, सिद्धार्थनगर, श्रावस्ती, गोंडा, महाराजगंज, कुशीनगर, देवरिया, लखीमपुर खीरी, बहराइच और बलरामपुर में भारी बारिश के साथ वज्रपात का अलर्ट जारी किया है। वहीं, बिहार और झारखंड के कई जिलों में भी आज तेज आंधी और भारी बारिश की चेतावनी दी गई है, जिससे गंगा और अन्य प्रमुख नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है।
राजस्थान, एमपी और पंजाब में मौसमी हलचल तेज
राजस्थान के जयपुर, कोटा, भरतपुर, करौली, धौलपुर, उदयपुर, बारां, सवाई माधोपुर और चूरू में मध्यम से भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मध्य प्रदेश और पंजाब के कई जिलों में आज बारिश और आंधी का ‘येलो अलर्ट’ लागू है। इसके अलावा हरियाणा और पश्चिम बंगाल के कई हिस्सों में तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश होने की संभावना है।
पहाड़ों पर भूस्खलन का खतरा, पूर्वोत्तर से दक्षिण तक अलर्ट
उत्तराखंड के नैनीताल, अल्मोड़ा, पिथौरागढ़, ऋषिकेश, पौड़ी, चमोली, टिहरी, रुद्रप्रयाग और हरिद्वार में भारी बारिश के कारण भूस्खलन की आशंका जताई गई है। हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के कई इलाकों में भी अलर्ट जारी है। पूर्वोत्तर राज्यों में असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश और नागालैंड में व्यापक वर्षा का अनुमान है। इसके साथ ही दक्षिण भारत के तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक और आंध्र प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में 13 सितंबर तक हल्की से मध्यम बारिश का सिलसिला बना रहेगा।















