
भोपाल, 14 अप्रैल (हि.स.)। प्रदेश के अधिकांश इलाकों में अब तेज गर्मी शुरू हो गई है। ग्वालियर-जबलपुर समेत प्रदेश के 13 शहरों में तापमान 40 डिग्री के पार पहुंच गया है। वहीं, राजगढ़ में गुरुवार को लगातार चौथे दिन तापमान सबसे ज्यादा रहा। इसी बीच एक राहत देने वाली खबर यह है कि शनिवार से फिर प्रदेश के मौसम में बदलाव दिखाई देगा और आसमान में छाए बादल गर्मी से कुछ राहत दिलाएंगे। इस दौरान बूंदाबांदी भी हो सकती है।
सूरज के तीखे तेवर के चलते भोपाल में गुरुवार सीजन में सबसे गर्म रहा था। यहां पारा 39.8 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। वहीं, इंदौर में 38.6, ग्वालियर में 40 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। ग्वालियर में भी पहली बार पारे ने 40 डिग्री को छू लिया। पिछले तीन दिनों से देश में सबसे गर्म चल रहे राजगढ़ में पारा गुरुवार को थोड़ा लुढ़क गया। यहां 1.2 डिग्री की गिरावट हुई। तापमान 41.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बुधवार को यहां तापमान 43 डिग्री था। बाकी शहरों में तापमान 40 डिग्री के नीचे ही रहा। वहीं, आज तापमान में दो से तीन डिग्री की बढ़ोतरी की संभावना है।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अप्रैल में अब तक मौसम में बदलाव देखने को मिला है। ट्रफ लाइन के गुजरने, चक्रवात के असर और पश्चिमी विक्षोभ के एक्टिव होने से तापमान ज्यादा नहीं बढ़ा, लेकिन अब आसमान साफ हो गया है। इससे सूरज की रोशनी सीधे जमीन पर पड़ रही है। मौसम वैज्ञानिक एच.एस. पांडे ने बताया कि उत्तर भारत में 15 अप्रैल से नया पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव होगा। इससे वहां पर तापमान में गिरावट होगी। इसका असर मध्यप्रदेश में भी देखने को मिलेगा। वहां से हीट वेव नहीं आएगी। इससे अनुमान है कि प्रदेश में 20 अप्रैल तक हीट वेव नहीं चलेगी।













