यमुना एक्सप्रेसवे पर मौत का तांडव: गिट्टी से लदे ट्रेलर में पीछे से घुसी तेज रफ्तार वोल्वो बस, 4 यात्रियों की दर्दनाक मौत, 19 घायल

मथुरा। उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में यमुना एक्सप्रेसवे पर आज (मंगलवार) तड़के एक बेहद दर्दनाक और भीषण सड़क हादसा हो गया। राया थाना क्षेत्र में दिल्ली जा रही एक तेज रफ्तार डबल डेकर वोल्वो बस आगे चल रहे गिट्टी से लदे भारी-भरकम ट्रेलर में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी भयानक थी कि वोल्वो बस का अगला हिस्सा करीब दो से ढाई मीटर तक ट्रेलर के भीतर समा गया और मौके पर ही चीख-पुकार मच गई। इस दिल दहला देने वाले हादसे में 4 यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 19 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

तड़के 3:35 बजे हुआ हादसा, बस का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर

यह रोंगटे खड़े कर देने वाला हादसा सुबह करीब 3:35 बजे यमुना एक्सप्रेसवे के माइलस्टोन 112-113 के बीच, राया कट से महज दो किलोमीटर पहले हुआ। जानकारी के अनुसार, गोला बस सर्विस की वोल्वो बस (रजिस्ट्रेशन नंबर BR-28P-4723) करीब 65 यात्रियों को लेकर लखनऊ से दिल्ली की तरफ जा रही थी। बस जैसे ही राया इलाके में पहुंची, तभी उसकी रफ्तार इतनी तेज थी कि ड्राइवर नियंत्रण खो बैठा और अपनी ही लेन में आगे चल रहे गिट्टी से भरे एक ट्रेलर (रजिस्ट्रेशन नंबर RJ-47GA-8143) में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।

घंटों चला रेस्क्यू, ग्रीन कॉरिडोर बनाकर अस्पताल पहुंचाए गए घायल

हादसे की सूचना मिलते ही मथुरा के प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया। अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) सुरेश चंद्र रावत, अपर जिलाधिकारी, उप जिलाधिकारी और महावन के क्षेत्राधिकारी भारी पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। इसके साथ ही राहत कार्य के लिए 8 पीआरवी गाड़ियां, 12 एंबुलेंस, एसडीआरएफ (SDRF) और फायर सर्विस की टीमों को रेस्क्यू ऑपरेशन में लगाया गया। गैस कटर की मदद से बस के मलबे को काटकर फंसे हुए लोगों को बाहर निकाला गया। घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए घटनास्थल से लेकर जिला अस्पताल तक ‘ग्रीन कॉरिडोर’ बनाया गया, ताकि बिना किसी ट्रैफिक जाम के एंबुलेंस सीधे अस्पताल पहुंच सकें।

4 की मौके पर ही मौत, अधिकांश घायल खतरे से बाहर

पुलिस और प्रशासन की मुस्तैदी से 19 घायलों को तुरंत जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की टीम उनका इलाज कर रही है। राहत की बात यह है कि चिकित्सकों ने अधिकांश घायलों की स्थिति को फिलहाल खतरे से बाहर बताया है। वहीं, इस हादसे में जान गंवाने वाले चार बदनसीब यात्रियों के शवों को कब्जे में लेकर पुलिस उनकी शिनाख्त (पहचान) करने की कोशिश में जुटी है, ताकि उनके परिजनों को सूचित किया जा सके। बस में सवार अन्य सुरक्षित यात्रियों को प्रशासन ने वैकल्पिक वाहनों की व्यवस्था कर उनके गंतव्य के लिए रवाना कर दिया है। हाइवे से क्षतिग्रस्त वाहनों को क्रेन की मदद से हटाकर यातायात को दोबारा सुचारू करा दिया गया है।

बस ड्राइवर की लापरवाही और ओवरस्पीडिंग बनी काल: एसपी देहात

मथुरा के एसपी देहात सुरेश चंद्र रावत ने घटना की पुष्टि करते हुए अपना आधिकारिक बयान जारी किया है। उन्होंने बताया कि सुबह 3:35 बजे कंट्रोल रूम को इस हादसे की जानकारी मिली थी। प्रारंभिक जांच और मौके के हालात से साफ पता चलता है कि गिट्टी से लदा ट्रेलर अपनी सही लेन में चल रहा था। पीछे से आ रही वोल्वो बस की रफ्तार तय सीमा से कहीं ज्यादा थी। यह भीषण हादसा मुख्य रूप से बस चालक की घोर लापरवाही और ओवरस्पीड (अत्यधिक गति) के कारण हुआ है। फिलहाल, सभी घायलों के समुचित उपचार को प्राथमिकता दी जा रही है और हादसे के कारणों की विस्तृत और तकनीकी जांच शुरू कर दी गई है।

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment