यूपी प्रशासनिक फेरबदल : योगी सरकार ने किए 41 PCS अधिकारियों के तबादले, वाराणसी-लखनऊ समेत कई जिलों के अफसर बदले

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक चुस्त-दुरुस्त और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से शासन ने सोमवार को बड़े पैमाने पर फेरबदल किया है। राज्य सरकार ने 41 सीनियर पीसीएस (PCS) अधिकारियों के तबादले की सूची जारी की है। इस बड़े फेरबदल के तहत कई जिलों के अपर जिलाधिकारी (ADM), नगर मजिस्ट्रेट, उपजिलाधिकारी (SDM), मुख्य राजस्व अधिकारी (CRO), अपर आयुक्त और विकास प्राधिकरणों के विशेष कार्याधिकारियों को नई तैनाती दी गई है।

वाराणसी, लखनऊ और अयोध्या के अधिकारियों के बदले प्रभार

शासन द्वारा जारी तबादला सूची में वाराणसी, लखनऊ, मेरठ, प्रयागराज, गोरखपुर, झांसी, मुरादाबाद, बुलंदशहर, एटा, जौनपुर, आजमगढ़, महोबा, शाहजहांपुर, चंदौली, गाजीपुर, चित्रकूट, नोएडा और वृंदावन जैसे महत्वपूर्ण जिले शामिल हैं। अयोध्या विकास प्राधिकरण के विशेष कार्याधिकारी महेंद्र कुमार सिंह को वाराणसी का नया नगर मजिस्ट्रेट बनाया गया है। वहीं, लखनऊ के नगर मजिस्ट्रेट ज्ञानचंद्र गुप्ता को एडीएम (वित्त एवं राजस्व) बस्ती की कमान सौंपी गई है। एटा में एसडीएम के पद पर तैनात जगमोहन गुप्ता अब लखनऊ के नए नगर मजिस्ट्रेट की जिम्मेदारी संभालेंगे।

पांच मंडलों में बदले गए अपर आयुक्त

प्रशासनिक मजबूती के लिए सरकार ने मेरठ, प्रयागराज, झांसी, मुरादाबाद और विंध्याचल मंडलों में अपर आयुक्त (Additional Commissioner) स्तर के अधिकारियों को भी स्थानांतरित किया है। कुंवर पंकज को झांसी मंडल, त्रिभुवन को प्रयागराज मंडल और प्रतिपाल चौहान को विंध्याचल मंडल का अपर आयुक्त नियुक्त किया गया है। इसके अतिरिक्त सत्य प्रकाश सिंह द्वितीय को मेरठ से हटाकर लखनऊ मंडल का अपर आयुक्त बनाया गया है, जबकि नवीन कुमार श्रीवास्तव मेरठ से मुरादाबाद मंडल में अपर आयुक्त पद पर भेजे गए हैं।

गौतम बुद्ध नगर और विकास प्राधिकरणों में नई नियुक्तियां

अरुण कुमार सिंह को मुरादाबाद मंडल से स्थानांतरित कर गौतम बुद्ध नगर में अपर जिलाधिकारी (भू-अर्जन) की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। विकास प्राधिकरणों में फेरबदल के तहत सुरेश कुमार को सहारनपुर विकास प्राधिकरण का सचिव, हर्ष चावला को मुजफ्फरनगर विकास प्राधिकरण में OSD और संजीव कुमार दीक्षित को गोरखपुर विकास प्राधिकरण का OSD बनाया गया है। निकाय स्तर पर सुनीता कुमारी को वृंदावन नगर निगम में अपर नगर आयुक्त तथा रामवीर सिंह को मुरादाबाद नगर निगम में सहायक नगर आयुक्त के पद पर तैनात किया गया है।

जिले स्तर पर एडीएम और एसडीएम के कार्यक्षेत्रों में बदलाव

कई जिलों के एडीएम स्तर के अधिकारियों की जिम्मेदारी में भी फेरबदल हुआ है। बिंदुलता को कानपुर नगर में एडीएम (न्यायिक), संजय चावला को आजमगढ़ में एडीएम (प्रशासन), इंद्र नंदन सिंह को महोबा में एडीएम (वित्त एवं राजस्व) और विजय वर्धन तोमर को मेरठ में एडीएम (प्रशासन) की कुर्सी दी गई है। इसके अलावा ज्योति सिंह को वाराणसी से चित्रकूट, सुशांत श्रीवास्तव को औरैया से बागपत, राजेश कुमार वर्मा को अलीगढ़ से चंदौली, राकेश कुमार जयंत को मुरादाबाद, अरुण कुमार गिरि को गाजीपुर, अतुल कुमार सिंह को शाहजहांपुर और संध्या शर्मा को जालौन में एसडीएम के पद पर तैनात किया गया है।

 

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment

Are you human? Please solve:Captcha