
उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में पुलिस ने एक ऐसे गिरोह का खुलासा किया है जो सेना के जवान और अन्य लोगों को हनी ट्रैप के जाल में फंसाकर उन्हें ब्लैकमेल करता था। पुलिस ने इस गिरोह की एक युवती और उसके साथी को गिरफ्तार करते हुए यह खुलासा किया है। गिरोह के अन्य साथियों की तलाश में पुलिस जुटी है।
पुलिस के अनुसार जिले की साइबर सेल और नौचंदी थाने को एक शिकायत मिली थी, जिसमें एक युवक ने शिकायत की थी कि मेरठ की एक युवती और युवक अपने साथियों के साथ मिलकर लोगों को हैनी ट्रैप में फंसा कर ब्लैकमेल कर रहे हैं। इस गिरोह ने सेना के जवानों को भी अपना शिकार बनाया है।
शिकायत पर पुलिस ने जांच पड़ताल करते हुए इस गिरोह की एक युवती की पहचान की और उसे उसके एक साथी के साथ गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में पता चला कि इस गैंग की यह युवती पहले लोगों से दोस्ती करती थी, और उसके बाद उनका अश्लील वीडियो बनाकर उन्हें ब्लैकमेल करते थे। इस गैंग ने सेना के कई जवानों को भी अपने जाल में फंसाकर उनसे पैसे ठगे।
मोबाइल फोन में मिली अश्लील वीडियो
गिरफ्तार युवती और उसके साथी के पास से पुलिस पांच मोबाइल फोन बरामद किये हैं। बरामद मोबाइल फोन में कई लोगों की अश्लील वीडियो मिली है। बताया गया कि इस गिरोह के निशाने पर हरियाणा, गुजरात और राजस्थान के फौजी रहते थे। हरियाणा के एक जवान को मेरठ बुलाकर उसकी होटल में अश्लील वीडियो बनाने की बात भी सामने आयी है। पीड़ित जवान को यह युवती बेहोश कर उसका सामान और पैसे लूटकर फरार हो गई थी। होटल के सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में युवती कैद हो गई थी, उसी के आधार पर युवती की पहचान की गई।
सोशल मीडिया पर मैसेज भेजकर फंसाते थे जाल में
पूछताछ में सामने आया कि युवती सोशल मीडिया पर मैसेज भेजकर दोस्ती का आफर देती थी, जब उसके जाल में कोई फंस जाता था तब वह उसकी धोखे से अश्लील वीडियो बनाकर उन्हें ब्लैकमेल करते थे। भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पर्ची पर नाम और मोबाइल नंबर लिखकर कॉल मी लिखकर भी लोगों को अपने जाल में फंसाता था।
तलाशी में उनके पास से आधार कार्ड, कई फर्जी आईडी और अन्य सामान बरामद हुआ है। युवती का नाम पुलिस ने आरती निवासी ग्राम जलालपुर, थाना रामराज मुजफ्फरनगर बताया है, जबकि गिरफ्तार युवक का नाम अंकुर है वह शास्त्रीनगर मेरठ का रहने वाला है। एसपी सिटी अखिलेश नारायण सिंह ने बताया कि इस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश की जा रही है, जल्द ही उनकी भी गिरफ्तारी की जाएगी।












