राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने किया बड़ा ऐलान, कहा-कांग्रेस सरकार की योजनाएं नहीं करेंगे बंद

-राजस्थान में आयुष्मान भारत योजना में 25 लाख तक फ्री इलाज की तैयारी

जयपुर (ईएमएस)। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सोमवार को ऐलान किया कि राज्य में वे योजनाएं बंद नहीं होंगी, जिन्हें पिछली कांग्रेस सरकार ने शुरू किया था। सीएम ने कहा कि हम कांग्रेस सरकार की किसी योजना को बंद नहीं करेंगे, बल्कि उन्हें और प्रभावी बनाया जाएगा। मुख्यमंत्री भजनलाल, सुशासन दिवस पर भाजपा प्रदेश कार्यालय में हुए कार्यक्रम में बोल रहे थे।
बता दें कि पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने एक्स पर एक पोस्ट कर राज्य सरकार से कांग्रेस की योजनाओं के बारे में स्थिति स्पष्ट करने के लिए कहा था। गहलोत ने लिखा था- वर्तमान सरकार को हमारी सरकार की योजनाओं को लेकर भी स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए। इससे जनता को परेशानी न हो। कोई नई व्यवस्था लागू होने तक पुरानी व्यवस्था चालू रखनी चाहिए।

-आयुष्मान योजना की लिमिट बढ़ाई, योजनाएं आगे बढ़ाएंगे
सीएम भजनलाल ने कहा- हमने आयुष्मान भारत योजना को 5 से 10 लाख तक बढ़ाया। वहीं, अब हम इस योजना में 25 लाख तक का इलाज मुफ्त कराने के लिए काम करेंगे। ये लोग कहते हैं कि दवाइयां बंद हो जाएंगी। मैंने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री से भी बात की है। मैं कहना चाहता हूं कि जो दवाइयां मिलती थीं, वो मिलेंगी। हमने कोशिश की है कि इसमें दवाइयां बढ़ाने का काम करें। जो हमारे लिए आवश्यक है। हम किसी भी योजना को बंद नहीं करेंगे, हम आगे बढ़ाने का काम करेंगे।

खबरें और भी हैं...