Lucknow Aashiyana Murder Case : रावण की भूमिका निभाता था, असल जिंदगी में बना कातिल…4 साल पहले ही दी थी पिता को चेतावनी

 

लखनऊ (आशियाना): नवाबों के शहर लखनऊ का आशियाना इलाका इन दिनों एक ऐसी वारदात से थर्राया हुआ है, जिसकी स्क्रिप्ट किसी रोंगटे खड़े कर देने वाली क्राइम थ्रिलर फिल्म से कम नहीं है। दवा और शराब कारोबारी मानवेन्द्र सिंह की नृशंस हत्या के मामले में उनके 21 वर्षीय बेटे अक्षत प्रताप सिंह ने जो खुलासे किए हैं, उसने पुलिस और पड़ोसियों के होश उड़ा दिए हैं। रीयल लाइफ में ‘विलेन’ की छवि रखने वाला अक्षत न सिर्फ रामलीला में रावण बनता था, बल्कि असल जिंदगी में भी उसने अपने पिता के साथ वही क्रूरता दिखाई।

वेब सीरीज का जुनून और रावण का किरदार: विलेन बनने की थी चाहत

पड़ोसियों और पुलिस की तफ्तीश में सामने आया है कि अक्षत प्रताप सिंह को नायक (हीरो) से ज्यादा खलनायक (विलेन) के किरदार आकर्षित करते थे। वह स्थानीय रामलीला में बड़े चाव से रावण का रोल निभाता था और उसकी चाल-ढाल में भी वही अहंकार झलकता था। अक्षत को घंटों तक क्राइम थ्रिलर वेब सीरीज देखने का चस्का था। पुलिस का मानना है कि उसने मर्डर करने, लाश के टुकड़े करने और सबूत मिटाने के खौफनाक तरीके इन्हीं वेब सीरीज से सीखे थे।

6 पन्नों का वह पुराना खत: 4 साल पहले ही दी थी पिता को चेतावनी

जांच में यह चौंकाने वाली बात सामने आई है कि अक्षत और उसके पिता के बीच विवाद की जड़ काफी पुरानी थी। अक्षत को अपने पिता के शराब और दवा के कारोबार से सख्त नफरत थी। वह चाहता था कि उसके पिता यह काम पूरी तरह बंद कर दें। करीब 4 साल पहले भी वह एक 6 पन्ने का लंबा इमोशनल और धमकी भरा पत्र छोड़कर घर से भाग गया था। उस खत में उसने साफ लिखा था कि वह न तो मेडिकल की पढ़ाई करेगा और न ही पिता के बिजनेस को स्वीकार करेगा।

नौकरानी को मोहरा बनाया और बनाया व्हाट्सएप ग्रुप: शातिर दिमाग का खेल

अक्षत ने इस हत्याकांड को बेहद शातिराना तरीके से अंजाम दिया। कत्ल से कुछ दिन पहले उसने खुद घर से जेवर और नकदी चोरी की, लेकिन उसका इल्जाम घर की मासूम नौकरानी पर मढ़ दिया ताकि पुलिस का ध्यान भटकाया जा सके। पिता की हत्या कर शव को ड्रम में छिपाने के बाद, उसने बकायदा एक व्हाट्सएप ग्रुप बनाया। इस ग्रुप में वह परिवार के सदस्यों और रिश्तेदारों को पिता की ‘मिसिंग रिपोर्ट’ के फर्जी अपडेट देता रहा, ताकि वह खुद को एक परेशान और बेबस बेटे के रूप में पेश कर सके।

सिर की तलाश में जुटी पुलिस: क्या सनक ने बनाया हत्यारा?

क्रूरता की हदें पार करते हुए अक्षत ने अपने पिता के हाथ-पैर काट दिए और सिर को गायब कर दिया। पुलिस अब आरोपी अक्षत को रिमांड पर लेकर पिता के कटे हुए सिर की तलाश कर रही है। सवाल यह उठ रहा है कि क्या सिर्फ पिता के बिजनेस से नफरत ने उसे इतना हिंसक बना दिया या फिर किसी मानसिक विकार और वेब सीरीज के ओवरडोज ने उसे रीयल लाइफ का ‘रावण’ बना दिया? फिलहाल लखनऊ पुलिस इस उलझी हुई गुत्थी के हर सिरे को जोड़ने में जुटी है। 

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment

Are you human? Please solve:Captcha