राजस्थान के सरहदी जिलों में बदला मौसम, सूरतगढ़- गंगानगर में 19 एमएम बारिश

जयपुर (हि.स.)। मौसस विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार यलो अलर्ट के अनुरूप मंगलवार रात सरहदी जिलों बीकानेर, श्रीगंगानगर व जैसलमेर क्षेत्र में मौसम बदल गया। पिछले 24 घंटों में जोधपुर, बीकानेर संभाग के कुछ भागों में आंधी बारिश दर्ज की गई है। सर्वाधिक बारिश सूरतगढ़, गंगानगर में 19 एमएम दर्ज की गई।

मौसम विज्ञान केन्द्र के अनुसार आंधी बारिश का यह दौर आज (19 अप्रैल) को बीकानेर, अजमेर, जयपुर व भरतपुर संभाग के कुछ भागों में दोपहर बाद जारी रहने की प्रबल संभावना है। गंगानगर, हनुमानगढ़, चूरु, झुंझुनू जिलों में भी आंशिक बादल छाए रहने व दोपहर बाद मेघगर्जन गतिविधियां होने की संभावना है। शेष ज्यादातर भागों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहने की संभावना है। आंधी बारिश से अधिकांश स्थानों पर तापमान में 2-4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट होगी।

मौसम विभाग ने अब पूर्वी राजस्थान के अजमेर, जयपुर व भरतपुर संभाग के जिलों में 19-20 अप्रैल दोपहर बाद आंधी बारिश की गतिविधियां कहीं-कहीं दर्ज होने की संभावना जताई है। पिछले 24 घंटों में श्रीगंगानगर में सर्वाधिक तापमान 42.1 डिग्री सेल्सियस मापा गया। इसके अलावा भी अधिकांश स्थानों पर अधिकतम तापमान 39 से 41 डिग्री सेल्सियस के मध्य ही मापा जा रहा है। बीते करीब एक पखवाड़े से राजस्थान के बदलते मौसम ने लोगों को हैरत में डाल रखा है। मौसम विभाग द्वारा मिल रहे अपडेट से आने वाले 18 की रात और 19 अप्रैल को पश्चिमी विक्षोभ की वजह से झमाझम होने के आसार बने हुए हैं।

आगामी 48 घंटों में राज्य में आगामी दिनों में एक पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से आंधी बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी दर्ज होने की संभावना है। पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर, बीकानेर संभाग के कुछ भागों में दोपहर बाद थंडर गतिविधियां होने की संभावना है। जोधपुर, बीकानेर संभाग में कहीं-कहीं मध्यम से तीव्र आंधी चल सकती है। 19 अप्रैल को जोधपुर, बीकानेर, उदयपुर, अजमेर, जयपुर व भरतपुर संभाग के जिलों में कहीं-कहीं मेघगर्जन के साथ अचानक तेज हवाएं तथा हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश होने की प्रबल संभावना है। 18-19 अप्रैल को एक नया पश्चिमी विक्षोभ राज्य के ऊपर सक्रिय होने की संभावना है। इसकी वजह से 18 अप्रैल को जोधपुर, बीकानेर,अजमेर संभाग व शेखावटी क्षेत्र में दोपहर बाद मेघगर्जन, 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से अचानक तेज हवाएं चलने और कहीं-कहीं हल्की बारिश होने की संभावना है।

प्रदेश के बांसवाड़ा, बूंदी, बांरा, डूंगरपुर, झालावाड़, कोटा, प्रतापगढ़, सवाई माधोपुर और टोंक में फिलहाल 16 से 20 अप्रेल तक मौसम शुष्क व गर्म रहेगा। इसके अलावा राजस्थान के सभी जिलोंं में 17 से लेकर 20 अप्रेल तक कहीं न कहीं मेघ गर्जन के साथ बारिश हो सकती है। इसके लिए केंद्रीय मौसम विभाग यलो अलर्ट जारी किया है, इन सभी जिलों में मध्यम श्रेणी की बारिश के लिए निगरानी के लिए अलर्ट किया जाता है।

खबरें और भी हैं...