राजा रघुवंशी मर्डर केस: जेल से बाहर आते ही पहली बार सामने आई पत्नी सोनम, खर्चे और इंदौर जाने के सवाल पर….

भोपाल/शिलांग। मध्य प्रदेश के सबसे चर्चित और रोंगटे खड़े कर देने वाले राजा रघुवंशी हत्याकांड की मुख्य आरोपी और मृतक की पत्नी सोनम रघुवंशी जेल से रिहा होने के बाद पहली बार दुनिया के सामने आई है। कोर्ट से जमानत मिलने के बाद से ही सोनम पूरी तरह से अंडरग्राउंड थी, लेकिन अब उसने एक इंटरव्यू में आकर इस पूरे घटनाक्रम को लेकर कई चौंकाने वाले जवाब दिए हैं। हालांकि, इस बातचीत के दौरान जब उससे कुछ तीखे सवाल पूछे गए, तो उसके चेहरे की हवाइयां उड़ गईं और उसने कई राज छिपाने की कोशिश की।

‘कोर्ट की शर्तें मेरे लिए सर्वोपरि’, लेकिन खर्चे के सवाल पर साध ली चुप्पी

इंटरव्यू के दौरान जब सोनम रघुवंशी से अदालत द्वारा लगाई गई सख्त शर्तों और जमानत को लेकर सवाल किया गया, तो उसने बेहद सधे हुए अंदाज में जवाब दिया। सोनम ने कहा, “अदालत ने मुझे जिन शर्तों पर जमानत दी है, मैंने हमेशा उनका पूरी ईमानदारी से पालन किया है। मैं कानून का सम्मान करती हूं और कोर्ट की किसी भी शर्त को कभी नहीं तोड़ूंगी।”

लेकिन जैसे ही रिपोर्टर ने उससे यह पूछा कि जेल से बाहर आने के बाद अब उसका भारी-भरकम कानूनी और निजी खर्चा कैसे चल रहा है और उसे कौन फाइनेंस कर रहा है? इस सवाल को सुनते ही सोनम के चेहरे का रंग उड़ गया। उसने इस पर कुछ भी बोलने से साफ इनकार कर दिया और बेहद रहस्यमयी अंदाज में कहा, “मैं अपने खर्चे और पैसों के बारे में किसी को कुछ नहीं बताना चाहती हूं।”

इंदौर जाने का प्लान नहीं, बताया अब कहां छुपा रखी है अपनी पहचान

जब सोनम से उसके मौजूदा ठिकाने को लेकर सवाल किया गया, तो उसने खुलासा किया कि वह इस वक्त मध्य प्रदेश से हजारों किलोमीटर दूर शिलांग (मेघालय) में ही रह रही है। हालांकि, सुरक्षा और डर का हवाला देते हुए उसने अपने घर का पता बताने से साफ मना कर दिया।

मध्य प्रदेश के इंदौर शहर से इस मामले के तार जुड़े होने के कारण जब सोनम से पूछा गया कि क्या वह कभी इंदौर वापस जाएगी? तो उसने कहा, “फिलहाल मेरा इंदौर जाने का कोई प्लान नहीं है, क्योंकि मेरा केस अभी कोर्ट में चल रहा है और मैं कानूनी प्रक्रिया में ही उलझी हुई हूं।”

‘मेरे खिलाफ सब झूठ है…’ हत्याकांड पर बोलने से किया साफ इनकार

इस दौरान मुख्य आरोपी सोनम रघुवंशी आम जनता से अपील करती हुई भी नजर आई। खुद को बेकसूर साबित करने की कोशिश करते हुए उसने कहा, “लोग सोशल मीडिया और बाहर चल रही अफवाहों पर बिल्कुल ध्यान न दें। मेरे बारे में जो भी बातें फैलाई जा रही हैं, वो सब पूरी तरह से झूठ और मनगढ़ंत हैं।”

हैरानी की बात यह रही कि जब सोनम से सीधे तौर पर पति राजा रघुवंशी की बेरहमी से हुई हत्या को लेकर उसकी राय जाननी चाही और पूछा गया कि आखिर उस खौफनाक रात क्या हुआ था? तो उसने इस मर्डर केस पर कुछ भी टिप्पणी करने से साफ मना कर दिया और मामले को टाल गई।

हनीमून की वो खौफनाक रात… जब मेघालय की वादियों में बुझ गया घर का चिराग

आपको याद दिला दें कि मध्य प्रदेश के रहने वाले राजा रघुवंशी की हत्या किसी फिल्मी स्क्रिप्ट से कम नहीं थी। शादी के बाद राजा अपनी पत्नी सोनम के साथ हनीमून मनाने के लिए मेघालय की खूबसूरत वादियों में गया था। लेकिन 23 मई 2025 को अचानक यह नवविवाहित जोड़ा संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया। इसके बाद 3 जून को मेघालय के शिलांग में राजा रघुवंशी का क्षत-विक्षत शव मिलने से सनसनी फैल गई।

मेघालय और मध्य प्रदेश पुलिस की संयुक्त तफ्तीश में जो सच सामने आया, उसने सबके होश उड़ा दिए। हनीमून पर पति की हत्या की साजिश रचने वाली कोई और नहीं, बल्कि खुद उसकी पत्नी सोनम रघुवंशी ही निकली। पुलिस ने इस मामले में गहराई से जांच करते हुए सोनम को मुख्य आरोपी बनाया और उसके कुछ मददगारों के साथ उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। फिलहाल सोनम कोर्ट से बेल मिलने के बाद जेल से बाहर है, लेकिन राजा के परिवार को आज भी कोर्ट से अंतिम न्याय का इंतजार है।

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment