
अयोध्या। श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने अयोध्या के भव्य राम मंदिर के प्रबंधन को और अधिक पेशेवर और सुदृढ़ बनाने के लिए एक बड़ा कदम उठाया है। ट्रस्ट की ओर से मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) के पद पर सीधी भर्ती निकाली गई है, जिसके लिए देश के योग्य और अनुभवी उम्मीदवारों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इस हाई-प्रोफाइल पद पर चुनी जाने वाली शख्सियत को शुरुआती तौर पर 3 साल के कॉन्ट्रैक्ट (अनुबंध) पर नियुक्त किया जाएगा।
यदि आप भी इस प्रतिष्ठित पद के लिए योग्यता रखते हैं, तो आधिकारिक ईमेल आईडी searchcommittee.srjbt@gmail.com पर संपर्क कर सकते हैं। आइए जानते हैं इस पद से जुड़ी योग्यता, चयन प्रक्रिया और सैलरी के नियम:
चयन के लिए ये योग्यताएं हैं बेहद जरूरी
राम मंदिर ट्रस्ट द्वारा जारी आधिकारिक अधिसूचना के मुताबिक, सीईओ पद के लिए उम्मीदवारों को निम्नलिखित कड़े मानदंडों को पूरा करना होगा:
-
शैक्षणिक योग्यता: आवेदन करने वाले उम्मीदवार का किसी भी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से कम से कम ग्रेजुएट (स्नातक) होना अनिवार्य है।
-
आयु सीमा: उम्मीदवार की उम्र 50 वर्ष से कम और 70 वर्ष से अधिक नहीं होनी चाहिए।
-
अनुभव: किसी बड़ी और प्रतिष्ठित कंपनी या संगठन के प्रबंधकीय दायित्व (Management Role) में कार्य करने का न्यूनतम 20 वर्षों का ठोस अनुभव होना जरूरी है। इस अनुभव में एक साथ कई अलग-अलग विभागों को कुशलतापूर्वक संभालने का ट्रैक रिकॉर्ड शामिल होना चाहिए।
-
अन्य शर्तें: उम्मीदवार का सनातन हिंदू धर्म से होना आवश्यक है। साथ ही उसे हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं का उत्कृष्ट ज्ञान (लिखने और बोलने में) होना चाहिए।
इन्हें दी जाएगी चयन में प्राथमिकता
ट्रस्ट ने साफ किया है कि ऐसे उम्मीदवार जिन्होंने पहले किसी बड़े सरकारी या निजी संगठन में मुख्य प्रशासनिक अधिकारी (CAO) के रूप में काम किया हो, या फिर किसी बड़े भव्य मंदिर/हिंदू धार्मिक संस्था के प्रबंधन व संचालन को संभाला हो, उन्हें चयन प्रक्रिया में विशेष प्राथमिकता (Preference) दी जाएगी। इस क्षेत्र से जुड़े रिटायर्ड (सेवानिवृत्त) अधिकारी भी इस पद के लिए आवेदन करने के पात्र हैं।
आपसी बातचीत से तय होगी सैलरी और सुविधाएं
श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल से की गई पोस्ट के अनुसार, सीईओ के पद के लिए कोई फिक्स सैलरी का जिक्र नहीं किया गया है। योग्य उम्मीदवार की काबिलियत और अनुभव के आधार पर सैलरी आपसी बातचीत (Negotiation) के बाद तय की जाएगी। इसके अलावा पदानुसार मिलने वाले भत्ते, आवास, गाड़ी और अन्य वीआईपी सुविधाओं का फैसला भी अंतिम चयन के बाद ही लिया जाएगा।
CEO पद के लिए कैसे करें आवेदन?
-
अंतिम तिथि: इस पद पर आवेदन करने की आखिरी तारीख 18 जुलाई 2026, शाम 4:00 बजे तक निर्धारित की गई है। इसके बाद मिलने वाले आवेदनों पर विचार नहीं होगा।
-
आवेदन का माध्यम: इच्छुक उम्मीदवारों को अपना विस्तृत बायोडाटा (CV) और आवेदन पत्र ईमेल के जरिए searchcommittee.srjbt@gmail.com पर भेजना होगा।
-
दस्तावेज: आवेदन मेल करते समय उम्मीदवार अपने अनुभव प्रमाण पत्र, शैक्षणिक दस्तावेज और खुद से जुड़ी सभी आवश्यक जानकारियों की स्कैन कॉपी जरूर अटैच करें।
क्या होगा काम और किसे करनी होगी रिपोर्टिंग?
राम मंदिर के नवनियुक्त सीईओ सीधे ट्रस्ट के महामंत्री को रिपोर्ट करेंगे। उनके कंधों पर अयोध्या राम मंदिर से जुड़े निम्नलिखित महत्वपूर्ण कार्यों की जिम्मेदारी होगी:
-
विधिक एवं आर्थिक कार्य: ट्रस्ट के सभी कानूनी, प्रशासनिक और वित्तीय (आर्थिक) कामकाज को पारदर्शी तरीके से पूरा करना।
-
सिस्टम और नियम बनाना: ट्रस्ट की भविष्य की जरूरतों के अनुसार कामकाज को बेहतर बनाने के लिए नए नियम, आधुनिक नीतियां और कार्यप्रणाली तैयार करना।
-
संगठन का ढांचा: संस्था के लक्ष्यों और बढ़ते आकार के मुताबिक पूरे स्टाफ और संगठनात्मक ढांचे को मजबूत और अनुशासित बनाना।
-
प्रोजेक्ट मैनेजमेंट: ट्रस्ट के वर्तमान संचालन और भविष्य में होने वाले विकास से जुड़े सभी प्रोजेक्ट्स का कुशलतापूर्वक प्रबंधन करना।
-
जवाबदेही और पारदर्शिता: पैसों के लेनदेन, अकाउंटिंग सिस्टम और संस्था के रिकॉर्ड्स में शत-प्रतिशत ईमानदारी और पारदर्शिता बनाए रखना।
-
अन्य विशेष जिम्मेदारियां: मंदिर की अभेद्य सुरक्षा व्यवस्था, धार्मिक अनुष्ठान, देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं की सुलभ सुविधाएं, वीआईपी (VIP) सत्कार, मंदिर की प्रतिष्ठा बढ़ाना, संपत्तियों की रक्षा करना और ट्रस्ट व महामंत्री द्वारा समय-समय पर सौंपे गए सभी अन्य महत्वपूर्ण दायित्वों को निभाना।











