लखनऊ : अलीगंज अग्निकांड वाली 4 मंजिला अवैध इमारत पर चला LDA का बुलडोजर, 15 लोगों की हुई थी दर्दनाक मौत

लखनऊ। राजधानी के अलीगंज में हुए भीषण अग्निकांड के बाद लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) ने बड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है। शनिवार सुबह 7:30 बजे एलडीए की टीम 3 बुलडोजर, एक हाइड्रोलिक मशीन, 45 अफसरों-कर्मचारियों और 100 से अधिक पुलिसकर्मियों के लश्कर के साथ मौके पर पहुंची और 4 मंजिला अवैध इमारत को गिराने की प्रक्रिया शुरू कर दी। सुरक्षा के लिहाज से आसपास की सड़कों पर बैरिकेडिंग लगाकर रास्तों को पूरी तरह से बंद कर दिया गया है।

उल्लेखनीय है कि इसी बिल्डिंग में बीते 22 जून को लगी भयावह आग में एनिमेशन कोचिंग के 15 छात्र-छात्राओं की जलकर दर्दनाक मौत हो गई थी। जांच में पाया गया कि रिहायशी नक्शे पर बनी इस बिल्डिंग को अवैध रूप से व्यावसायिक (कमर्शियल) गतिविधियों के लिए इस्तेमाल किया जा रहा था।

मौके पर पहुंचे मालिक के वकील, कार्रवाई को बताया गैर-कानूनी

बुलडोजर एक्शन शुरू होते ही बिल्डिंग मालिक वीरेंद्र शुक्ला के वकील और लखनऊ बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष राजेंद्र शुक्ला मौके पर पहुंचे। उन्होंने एलडीए की इस कार्रवाई का कड़ा विरोध करते हुए कहा कि एलडीए ने 25 जुलाई तक का समय दिया था, फिर उसी दिन कार्रवाई करने कैसे पहुंच गए?

अधिवक्ता का दावा है कि उन्हें ध्वस्तीकरण का कोई लिखित अलग आदेश नहीं मिला है और केवल नोटिस के आधार पर कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि हाईकोर्ट में रिट दाखिल की जा चुकी है, जिस पर सोमवार को सुनवाई होनी है। वकील ने एलडीए पर ताला लगाकर आदेश की प्रमाणित प्रति न देने का आरोप लगाया और इस पूरी कार्रवाई को अदालत में चुनौती देने की बात कही।

25 जुलाई थी डेडलाइन, खुद नहीं गिराया तो एलडीए ने संभाला मोर्चा

एलडीए अधिकारियों के अनुसार, जांच में अवैध निर्माण साबित होने के बाद 10 जुलाई को ध्वस्तीकरण का आदेश जारी कर भवन स्वामी को 15 दिन के भीतर खुद इमारत गिराने की मोहलत दी गई थी। यह डेडलाइन शुक्रवार (24 जुलाई) को खत्म हो गई।

हालांकि पिछले 5 दिनों से भवन स्वामी की ओर से बहुत धीमी गति से मजदूरों द्वारा छज्जे और छत तोड़ने का काम कराया जा रहा था, जिससे पूरी बिल्डिंग का मुख्य ढांचा खड़ा हुआ था। समयसीमा समाप्त होने और धीमी प्रगति को देखते हुए प्राधिकरण ने खुद मोर्चा संभाला। एलडीए ने साफ किया है कि ध्वस्तीकरण में आने वाले पूरे खर्च की वसूली भी भवन स्वामी से ही की जाएगी।

15 जानें निगलने वाला वो दर्दनाक हादसा

22 जून को अलीगंज स्थित इस 4 मंजिला इमारत के सेकेंड फ्लोर पर चल रही एनिमेशन कोचिंग में भीषण आग लग गई थी। दम घुटने और जलने से 15 मासूम जिंदगियां खत्म हो गई थीं। हादसे के दौरान 5 लोगों ने पाइप और तारों के सहारे उतरकर अपनी जान बचाई थी, जबकि एक युवक जान बचाने के लिए सेकेंड फ्लोर से कूद गया था, जिससे उसका शरीर पैरालाइज हो गया था। इस हादसे ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया था, जिसके बाद एलडीए ने अवैध निर्माणों के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है।

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment

Are you human? Please solve:Captcha