लखनऊ: किशोरी को नौकरी का झांसा देकर 3 दिन बंधक बनाकर दुष्कर्म, 5 पर FIR….धमकी देकर छोड़ा, भाभी को बताई आपबीती

लखनऊ। निगोहां थाना क्षेत्र के एक गांव से संदिग्ध परिस्थितियों में गायब हुई 16 वर्षीय किशोरी के साथ हैवानियत का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपियों ने नाबालिग को होटल में नौकरी दिलाने का लालच देकर झांसे में लिया और फिर तीन दिनों तक बंधक बनाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता की आपबीती सुनकर परिजनों के होश उड़ गए। पीड़िता की भाभी की शिकायत पर पुलिस ने पांच नामजद आरोपियों के खिलाफ दुष्कर्म और पॉक्सो (POCSO) एक्ट समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।

नौकरी का झांसा देकर जाल में फंसाया

जानकारी के मुताबिक, 16 वर्षीय किशोरी बीते 17 जुलाई को अचानक अपने घर से लापता हो गई थी। परिजन उसकी लगातार खोजबीन कर रहे थे, लेकिन कोई सुराग नहीं मिल पा रहा था। इसी दौरान परिजनों को सूचना मिली कि मोहनलालगंज के गदियाना गांव की रहने वाली राबिया और खुशबू किशोरी को बहला-फुसलाकर अपने घर ले गई हैं। सूचना मिलते ही जब परिजन गदियाना पहुंचे तो किशोरी परिजनों को देखते ही फफक-फफक कर रो पड़ी और अपने साथ हुई दरिंदगी की दास्तान सुनाई।

होटल के कमरे में 3 दिन तक किया दुष्कर्म

पीड़िता ने बताया कि राबिया और खुशबू उसे धोखे से अपने घर ले आई थीं। इसके बाद 18 जुलाई को राबिया का पति दुर्गेश उसे बाइक पर बैठाकर नौकरी का झांसा देते हुए पीजीआई थाना क्षेत्र के एक होटल में ले गया। आरोप है कि होटल के एक कमरे में किशोरी को तीन दिनों तक बंधक बनाकर रखा गया। इस दौरान बिजनौर थाना क्षेत्र के द्वारिका निवासी ढुड़वा नामक युवक ने उसके साथ लगातार दरिंदगी की।

धमकी देकर छोड़ा, भाभी को बताई आपबीती

तीन दिन तक हैवानियत का शिकार बनाने के बाद आरोपी दुर्गेश किशोरी को वापस गदियाना गांव ले आया। आरोपियों ने किशोरी को धमकी दी कि यदि उसने इस घटना के बारे में किसी को भी बताया तो उसे जान से मार दिया जाएगा। किसी तरह घर पहुंची पीड़िता ने अपनी भाभी को पूरी आपबीती सुनाई, जिसके बाद परिजन तुरंत कोतवाली पहुंचे और न्याय की गुहार लगाई।

पुलिस ने खंगाले CCTV कैमरे, साक्ष्य जुटाए

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस हरकत में आई। प्रभारी निरीक्षक रामबाबू सिंह ने पुलिस बल के साथ घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस टीम ने होटल में लगे सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर (DVR) कब्जे में ले लिया है ताकि पुख्ता सबूत जुटाए जा सकें। पुलिस का कहना है कि पांचों नामजद आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं और पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की धरपकड़ के लिए टीमें दबिश दे रही हैं और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment

Are you human? Please solve:Captcha