लखनऊ। राजधानी लखनऊ के अर्जुनगंज स्थित सरसवां कॉलोनी में एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है। अपने घर के बाहर बेफिक्र होकर खेल रही 5 साल की मासूम बच्ची सुनैना पर अचानक बेकाबू हुई एक गाय ने जानलेवा हमला कर दिया। गाय ने न सिर्फ बच्ची को सींगों के सहारे दीवार से सटाकर बेरहमी से पटका, बल्कि करीब एक मिनट तक उसे अपने चारों पैरों से उछल-उछलकर रौंदती रही। पूरी वारदात पास में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरे में कैद हो गई है, जिसका फुटेज देखकर हर किसी की रूह कांप उठ रही है।
खेल-खेल में आई तबाही, मजदूरी करने वाले पिता की उम्मीदों पर टूटा पहाड़
सरसवां कॉलोनी में रहने वाले सिनोद कुमार मेहनत-मजदूरी करके अपने परिवार का पेट पालते हैं और अपनी 5 वर्षीय बेटी सुनैना को पहली कक्षा में पढ़ा रहे हैं। घटना वाले दिन सुनैना रोज़ की तरह घर के बाहर गली में खेल रही थी। तभी अचानक वहां से गायों का एक झुंड गुजरने लगा। देखते ही देखते झुंड में शामिल एक गाय अचानक आक्रामक हो गई और उसने खेल रही मासूम सुनैना को अपना निशाना बना लिया। बेकाबू गाय ने पहले बच्ची को जोरदार टक्कर मारकर दीवार पर दबाया और फिर जमीन पर पटककर बेरहमी से कुचलना शुरू कर दिया।
चीख-पुकार सुनकर दौड़े मोहल्ले वाले, गाय ने बचाने आए युवक को भी दौड़ाया
बच्ची की दर्दनाक चीखें सुनकर आसपास के लोग बदहवास होकर घटनास्थल की ओर दौड़े। स्थानीय लोगों ने लाठी-डंडों और पत्थरों की मदद से गाय को खदेड़ने का प्रयास किया। हालांकि, आक्रामक हो चुकी गाय का गुस्सा शांत होने का नाम नहीं ले रहा था। कड़ी मशक्कत के बाद जब लोगों ने बच्ची को गाय के चंगुल से छुड़ाया, तब भी गाय ने दो बार दोबारा हमला करने की कोशिश की। सीसीटीवी फुटेज में स्पष्ट दिखाई दे रहा है कि बीच-बचाव करने आए एक स्थानीय युवक पर भी गाय ने हमला करने के लिए उसे काफी दूर तक दौड़ा लिया।
प्रशासन हरकत में: नगर निगम ने कहा- हमलावर गाय होगी जब्त, पशुपालक पर होगी सख्त कार्रवाई
घटना का वीडियो तेजी से वायरल होने के बाद स्थानीय प्रशासन और नगर निगम में हड़कंप मच गया है। मामले पर संज्ञान लेते हुए नगर निगम के पशु कल्याण अधिकारी अभिनव वर्मा ने बताया कि हालांकि नव-विस्तारित क्षेत्रों में मवेशी पकड़ने की प्रक्रिया पर फिलहाल रोक लगी हुई है, लेकिन इस घटना की गंभीरता को देखते हुए हमलावर गाय को तत्काल पकड़ने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिस पशुपालक ने गाय को इस तरह खुले में आवारा छोड़ा है, उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी और इसके लिए विशेष टीम मौके पर रवाना कर दी गई है।
4 तस्वीरें देखिए-














