लखनऊ। राजधानी लखनऊ के अति-सुरक्षित हजरतगंज इलाके के पार्क रोड पर शुक्रवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक महिला अचानक से काफी ऊंचे टावर पर चढ़ गई। महिला को टावर के स्टील प्लेटफॉर्म पर बैठकर चिल्लाते देख राहगीरों और स्थानीय लोगों के होश उड़ गए। टावर के ठीक नीचे महिला का नाबालिग बेटा लाचार खड़ा था। घटना की सूचना मिलते ही हजरतगंज पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद महिला को समझा-बुझाकर सुरक्षित नीचे उतारा।
आगरा से न्याय की गुहार लगाने आई थी महिला, CM योगी से मिलने की थी जिद
टावर से सुरक्षित नीचे उतारे जाने के बाद पुलिस ने जब महिला से पूछताछ की, तो उसकी पहचान आगरा के कैंट थाना क्षेत्र स्थित श्याम विहार छोटी कॉलोनी निवासी तुलसा के रूप में हुई। पीड़ित महिला ने रोते हुए बताया कि वह आगरा पुलिस की प्रताड़ना और तानाशाही से तंग आकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिकायत करने लखनऊ आई थी। जब उसकी सुनवाई नहीं हुई, तो उसने मजबूरी में यह खौफनाक कदम उठाया।
‘खाकी’ पर लगे सनसनीखेज आरोप: बच्चों को पीटा, पैसे छीने और तोड़ा मोबाइल
पीड़िता तुलसा ने आगरा पुलिसकर्मियों पर गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि उसने अपने नाबालिग बच्चों को आगरा रेलवे स्टेशन पर कुछ सामान लेने भेजा था। आरोप है कि वहां तैनात पुलिसकर्मियों ने बच्चों पर चोरी का झूठा आरोप लगाकर उनकी बेरहमी से पिटाई कर दी। इतना ही नहीं, पुलिसकर्मियों ने बच्चों के पास रखे 2 हजार रुपये छीन लिए और उनका मोबाइल फोन भी पटककर तोड़ दिया। महिला का कहना है कि जब उसने इस जुल्म का विरोध किया, तो पुलिसकर्मियों ने उसे भी झूठे मुकदमे में जेल भेजने की धमकी दी।
हजरतगंज पुलिस और फायर ब्रिगेड ने बचाई जान, अधिकारियों को भेजी गई रिपोर्ट
घटना की सूचना मिलते ही हजरतगंज इंस्पेक्टर विक्रम सिंह पुलिस बल और फायर ब्रिगेड की टीम के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे। अधिकारियों और फायर कर्मियों ने काफी देर तक महिला को समझा-बुझाकर शांत कराया और फिर फायर ब्रिगेड की सीढ़ी की मदद से उसे सुरक्षित नीचे उतारा। हजरतगंज पुलिस का कहना है कि महिला के बयान और शिकायत दर्ज कर ली गई है। आरोपों की जांच के लिए आगरा के संबंधित पुलिस अधिकारियों को रिपोर्ट भेजी जा रही है, जिसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
तस्वीरें देखिए-













