लखनऊ: राजधानी लखनऊ के महानगर थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां पेपर मिल कॉलोनी में किराए के मकान में रहने वाले एक पुलिस सिपाही ने आपसी कहासुनी के बाद अपनी पत्नी के सिर पर लोहे की रॉड से हमला कर उसकी नृशंस हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी सिपाही खून से लथपथ लाश के पास बैठकर रोता रहा। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने आरोपी सिपाही को कस्टडी में ले लिया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
विवाद के दौरान खोया आपा, रॉड मारकर उतारे मौत के घाट
मिली जानकारी के मुताबिक, अयोध्या के निराला नगर निवासी हिमांशु श्रीवास्तव साल 2011 में यूपी पुलिस में बतौर सिपाही भर्ती हुआ था। वर्तमान में उसकी तैनाती ज्वाइंट सीपी कार्यालय डालीगंज के सूचना अधिकार प्रकोष्ठ (RTI Cell) में थी। वह अपनी पत्नी रश्मि श्रीवास्तव (निवासी अंबेडकरनगर) और 3 साल के बच्चे के साथ महानगर के पेपर मिल कॉलोनी स्थित एक डॉक्टर के मकान में किराए पर रहता था। रविवार को पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि हिमांशु ने अपना आपा खो दिया और घर में रखी लोहे की भारी रॉड उठाकर रश्मि के सिर पर दे मारी, जिससे मौके पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई।
साले को फोन कर बोला- ‘रश्मि की तबीयत खराब है’

हत्या करने के बाद आरोपी सिपाही ने खुद अपनी पत्नी के भाई (साले) आदर्श को फोन कर कहा कि रश्मि की तबीयत ठीक नहीं है। इस पर आदर्श ने लखनऊ में ही रह रहे अपने दूसरे भाई सौरभ को बहन के घर भेजा। सौरभ जब मौके पर पहुंचा तो अंदर का नजारा देखकर उसके होश उड़ गए। रश्मि जमीन पर खून से लथपथ बेसुध पड़ी थी और हिमांशु उसके पास बैठकर रो रहा था। सौरभ ने तुरंत इस बात की जानकारी पुलिस को दी।
‘बहन को समझाते थे ताकि बदनामी न हो’ – मृतका का परिवार
मृतका के भाई सौरभ ने बताया कि हिमांशु अक्सर रश्मि के साथ मारपीट और दुर्व्यवहार करता था। दोनों के बीच आए दिन झगड़ा होता रहता था, लेकिन समाज और लोक-लज्जा के डर से परिजन हर बार बहन को समझा-बुझाकर शांत करा देते थे। रश्मि और हिमांशु की शादी साल 2015 में हुई थी।
मौके पर पहुंची फॉरेंसिक टीम, डीसीपी बोले- जांच जारी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम और फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से खून के नमूने और साक्ष्य जुटाए। डीसीपी मध्य विक्रांत वीर ने बताया कि पेपर मिल कॉलोनी में महिला की हत्या की सूचना पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची थी। आरोपी सिपाही को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मृतका के भाई की तहरीर पर संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।













