लखनऊ में दिनदहाड़े गोलीकांड: 50 सेकंड में प्रॉपर्टी डीलर को गोलियों से भूना, CCTV में कैद हुई हैवानियत

पीजीआई (लखनऊ): उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के बेहद पॉश और व्यस्त माने जाने वाले पीजीआई थाना क्षेत्र से एक दिलदहला देने वाली वारदात सामने आई है। बुधवार दोपहर को यहां के कल्ली पश्चिम स्थित यादव मार्केट में बाइक सवार दो नकाबपोश बदमाशों ने एक नामचीन प्रॉपर्टी डीलर की दिनदहाड़े ताबड़तोड़ गोलियां बरसाकर बेरहमी से हत्या कर दी। पेशेवर शूटरों ने इस खौफनाक वारदात को महज 50 सेकंड के भीतर अंजाम दिया और फिल्मी अंदाज में हवा में असलहे लहराते हुए फरार हो गए। इस दुस्साहसिक हत्याकांड के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

कार से उतरकर फोन पर बात कर रहे थे, तभी काल बनकर आए शूटर

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मूल रूप से जौनपुर जिले के शिकारा थाना क्षेत्र के टकारी गांव के रहने वाले संदीप सिंह (43 वर्ष) पुत्र सुरेंद्र सिंह, लखनऊ की वृंदावन योजना (कालिंदी पार्क के पास) में अपने परिवार के साथ रहते थे। बुधवार दोपहर करीब 12 से 12:30 बजे के बीच वे अपने ड्राइवर प्रदीप सिंह के साथ फॉर्च्यूनर कार से कल्ली पश्चिम बाजार स्थित यादव मार्केट में मौजूद अपने दफ्तर पहुंचे थे। संदीप कार से उतरकर मोबाइल पर बात करते हुए जैसे ही अपने ऑफिस की तरफ बढ़े, तभी पहले से घात लगाए बैठे बाइक सवार दो हमलावरों ने उन पर धावा बोल दिया।

सीने और सिर में मारी कई गोलियां, सीसीटीवी (CCTV) में कैद हुई हैवानियत

यह पूरी वारदात मार्केट में लगे एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसका करीब 50 सेकंड का फुटेज पुलिस के हाथ लगा है। फुटेज में साफ दिख रहा है कि सफेद शर्ट और नीली जींस पहने एक शूटर तेजी से संदीप के करीब आता है और उन पर पिस्टल तान देता है। पहली गोली सीने में लगते ही संदीप लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़ते हैं। इसके बाद भी हमलावर का दिल नहीं पसीजा और उसने जमीन पर गिरे संदीप पर लगातार गोलियां बरसाईं। शूटर ने आखिरी गोली उनके सिर में बिल्कुल करीब से मारी ताकि बचने की कोई गुंजाइश न रहे।

पूरी प्लानिंग के साथ आए थे पेशेवर शूटर

प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय दुकानदारों के मुताबिक, यह वारदात किसी पेशेवर गैंग द्वारा पूरी प्लानिंग के साथ की गई है। बाइक चला रहा बदमाश हेलमेट पहने हुए था और उसने अपाचे बाइक को स्टार्ट करके रखा था, जबकि पीछे बैठे मुख्य शूटर ने अपने चेहरे को सफेद गमछे से ढक रखा था। गोली मारने के तुरंत बाद शूटर दौड़कर बाइक पर बैठा और दोनों पलक झपकते ही मुख्य मार्ग की तरफ फरार हो गए। मौके पर मौजूद लोग जब तक कुछ समझ पाते, तब तक बदमाश आंखों से ओझल हो चुके थे।

अपेक्स ट्रॉमा सेंटर में तोड़ा दम, परिवार में मचा कोहराम

खून से लथपथ संदीप सिंह को उनके दफ्तर के कर्मचारियों और स्थानीय लोगों ने आनन-फानन में पास के अपेक्स ट्रॉमा सेंटर (Apex Trauma Center) पहुंचाया। लेकिन चोटें इतनी गंभीर थीं कि इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। संदीप सिंह अपने पीछे पत्नी प्रीति सिंह, बेटे सार्थक और बेटी सीवी सिंह को रोते-बिलखते छोड़ गए हैं। इस घटना के बाद से मृतक के घर में कोहराम मचा हुआ है।

लखनऊ के बड़े इलाकों में चल रही थीं करोड़ों की साइट्स

संदीप सिंह ने करीब डेढ़ साल पहले कल्ली पश्चिम बाजार स्थित यादव कॉम्प्लेक्स में ‘पीएसएस बिल्डर्स प्राइवेट लिमिटेड’ (PSS Builders Pvt Ltd) के नाम से अपना रियल एस्टेट का ऑफिस खोला था। उनके दफ्तर में 5 कर्मचारी काम करते हैं। कर्मचारियों ने बताया कि संदीप बेहद मिलनसार स्वभाव के थे और वर्तमान में उनकी तीन बड़ी साइट्स चल रही थीं— पहली मोहनलालगंज के डॉन बॉस्को स्कूल के पास, दूसरी मोहनलालगंज तहसील के पास और तीसरी कानपुर रोड पर अमौसी रेलवे स्टेशन के नजदीक। कयास लगाए जा रहे हैं कि इस हत्याकांड के पीछे कोई बड़ा जमीनी विवाद या आपसी रंजिश हो सकती है।

आरोपियों की तलाश में जुटीं पुलिस की 4 टीमें: डीसीपी

घटना की सूचना मिलते ही एडीसीपी (साउथ) और एसीपी (गोसाईंगंज) भारी पुलिस बल और फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल से कारतूस के खोखे बरामद किए हैं और दफ्तर के कर्मचारियों से पूछताछ की जा रही है।

“बुधवार दोपहर करीब एक बजे पीजीआई इलाके में एक शख्स को गोली मारे जाने की सूचना मिली थी। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बाइक सवार हमलावरों के सुराग तलाशे जा रहे हैं। मृतक की पत्नी प्रीति सिंह की तहरीर पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी के लिए पुलिस की चार विशेष टीमें गठित की गई हैं।”

— अमित कुमार आनंद, डीसीपी साउथ (लखनऊ)

 

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment

Are you human? Please solve:Captcha