वाराणसी के स्कूल में शर्मनाक हरकत: 5 साल के बच्चे ने पैंट में किया पेशाब, तो शिक्षिका ने गर्म चाकू से दागा प्राइवेट पार्ट

वाराणसी। धर्म और संस्कृति की नगरी वाराणसी से शिक्षा के मंदिर को कलंकित करने वाली एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। अकथा स्थित जेडी नगर कॉलोनी के एक निजी स्कूल में मासूमियत पर क्रूरता का पहाड़ टूट पड़ा। आरोप है कि नर्सरी में पढ़ने वाले महज पांच साल के बच्चे से जब पैंट में पेशाब छूट गया, तो शिक्षिका का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया। शिक्षिका ने इंसानियत की सारी हदें पार करते हुए मासूम के साथ ऐसी हैवानियत की, जिसे सुनकर हर किसी की रूह कांप उठी।

मासूम मांगता रहा इजाजत, शिक्षिका ने दिखाया अमानवीय रूप

पीड़ित बच्चे के पिता और पेशे से अधिवक्ता केशरी जायसवाल के अनुसार, उनका पांच वर्षीय बेटा अकथा स्थित स्कूल में नर्सरी का छात्र है। शनिवार को कक्षा के दौरान बच्चे को जोरों की लघुशंका लगी, जिस पर उसने शिक्षिका से बाथरूम जाने की अनुमति मांगी। आरोप है कि शिक्षिका ने उसे जाने की इजाजत नहीं दी। काफी देर तक रोक न पाने के कारण मासूम का नियंत्रण छूट गया और पेशाब पैंट में ही निकल गया। इसी छोटी सी बात पर शिक्षिका का पारा चढ़ गया और उसने मासूम को भयानक सजा देने का खौफनाक इरादा बना लिया।

दूसरे कमरे में ले जाकर गैस पर गरम किया चाकू, फिर दी खौफनाक सजा

परिजनों द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के मुताबिक, गुस्साई शिक्षिका बच्चे को घसीटते हुए दूसरे कमरे में ले गई। वहां उसने रसोई गैस चालू कर उस पर चाकू गर्म किया और मासूम के प्राइवेट पार्ट को दाग दिया। इस दौरान बच्चा दर्द से बिलखता रहा, लेकिन शिक्षिका का दिल नहीं पसीजा। उसने न सिर्फ बच्चे को बेदर्दी से पीटा, बल्कि धमकी भी दी कि अगर यह बात किसी को बताई या दोबारा ऐसा हुआ तो इससे भी बुरा अंजाम होगा।

परिजनों को मिली धमकियां, वकीलों के हंगामे के बाद पुलिस एक्शन

स्कूल से घर लौटने के बाद लहूलुहान और सहमे हुए मासूम ने जब रोते-बिलखते अपनी मां और पिता को पूरी आपबीती सुनाई, तो उनके होश उड़ गए। बदहवास परिजन तुरंत स्कूल पहुंचे, लेकिन आरोप है कि प्रधानाचार्य और स्कूल प्रबंधन ने अपनी गलती मानने के बजाय परिजनों को ही अंजाम भुगतने की धमकी दे डाली। इसके बाद पीड़ित पिता ने लालपुर-पांडेयपुर थाने का रुख किया। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में साथी अधिवक्ता भी थाने पहुंच गए और आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा करने लगे।

पुलिस ने दर्ज की एफआईआर, बच्चे का कराया जा रहा मेडिकल टेस्ट

मामले की गंभीरता और अधिवक्ताओं के बढ़ते आक्रोश को देखते हुए लालपुर-पांडेयपुर थाना पुलिस तुरंत हरकत में आई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी शिक्षिका, प्रधानाचार्य और स्कूल प्रबंधन के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि मासूम का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है और रिपोर्ट के आधार पर कड़ी से कड़ी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। इस घटना के बाद से पूरे इलाके के लोगों और अभिभावकों में भारी रोष व्याप्त है।

 

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment

Are you human? Please solve:Captcha