विशाखापत्तनम। आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम स्थित गाजुवाका इलाके से एक ही परिवार के तीन सगे भाइयों के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। तीनों छात्र अचानक अपने घर से गायब हो गए हैं। हैरान करने वाली बात यह है कि घर से उनके कपड़े, शैक्षणिक प्रमाण पत्र (मार्कशीट) और आधार कार्ड भी गायब पाए गए हैं। घटना के बाद से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। गाजुवाका थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर स्पेशल टीमों का गठन कर दिया है।
चाचा के पास रहकर पढ़ाई कर रहे थे तीनों मासूम
जानकारी के मुताबिक, पुराने गाजुवाका के कैलाश नगर निवासी राघवेंद्र राव और अश्विनी के तीन बेटे हैं। बड़ा बेटा इंटरमीडिएट, मंझला नौवीं और सबसे छोटा बेटा पांचवीं कक्षा का छात्र है। पारिवारिक अनबन के कारण माता-पिता काफी समय से अलग रह रहे थे। पिता घर छोड़कर जा चुके हैं, जबकि मां अपने मायके सोलापुर (महाराष्ट्र) में रहती हैं। ऐसे में तीनों बच्चे अपने छोटे चाचा सोमलिंगा के साथ गाजुवाका में रहकर पढ़ाई लिखाई कर रहे थे।
घर से अचानक हुए लापता, तलाश के बाद दर्ज हुई FIR
बताया जा रहा है कि दो दिन पहले तीनों भाई अचानक घर से गायब हो गए। काफी खोजबीन और रिश्तेदारों से पूछताछ के बाद भी जब उनका कोई सुराग नहीं लगा, तो चाचा सोमलिंगा ने तुरंत गाजुवाका पुलिस स्टेशन पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज की और बच्चों की बरामदगी के लिए विशेष टीमों को काम पर लगा दिया।
मामा ने दिया था सीक्रेट मोबाइल, मार्कशीट की कॉपी भी भेजी गई थी
जांच के दौरान पुलिस के हाथ एक बेहद अहम सुराग लगा है। पुलिस को पता चला कि करीब 20 दिन पहले बच्चों के मामा अक्षय विशाखापत्तनम आए थे और उन्होंने बच्चों को एक मोबाइल फोन दिया था। तीनों छात्र इसी फोन के जरिए लगातार अपने मामा के संपर्क में थे। इतना ही नहीं, गायब होने से कुछ समय पहले बच्चों ने अपने शैक्षणिक दस्तावेजों की फोटो भी मामा को भेजी थी। पुलिस को आशंका है कि इस पूरे घटनाक्रम में मामा की अहम भूमिका हो सकती है, हालांकि अभी किसी नतीजे पर पहुंचना जल्दबाजी होगी।
स्पेशल टीमें कर रहीं छापेमारी, कॉल डिटेल से खुलेगा राज
मामले की जानकारी देते हुए गाजुवाका के सर्किल इंस्पेक्टर वासु नायडू ने बताया कि पुलिस तकनीकी साक्ष्यों, मोबाइल लोकेशन और कॉल डिटेल्स (CDR) की गहनता से पड़ताल कर रही है। विशेष टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही तीनों भाइयों को सकुशल बरामद कर पूरे मामले का पटाक्षेप कर दिया जाएगा।












