
नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट फैंस के लिए एक बेहद चौंकाने वाली और सनसनीखेज खबर सामने आ रही है। केंद्रीय गृह मंत्रालय के पूर्व अधिकारी आरवीएस मणि ने पाकिस्तानी क्रिकेटरों को लेकर एक ऐसा दावा किया है, जिसने खेल जगत से लेकर राजनीतिक गलियारों तक हड़कंप मचा दिया है। उनका कहना है कि जब भी पाकिस्तानी खिलाड़ी भारत के दौरे पर आते थे, तो वे मैच खेलने के बहाने यहां ड्रग्स की तस्करी (मादक पदार्थों की सप्लाई) किया करते थे।
आरवीएस मणि का यह बयान ऐसे समय में आया है जब भारत और पाकिस्तान के बीच क्रिकेट संबंध पूरी तरह से ठप हैं और दोनों देशों के बीच आखिरी द्विपक्षीय सीरीज साल 2012-13 में खेली गई थी।
शोएब अख्तर और मोहम्मद आसिफ पर लगे बेहद गंभीर आरोप
एएनआई (ANI) के एक पॉडकास्ट में बातचीत के दौरान पूर्व गृह अधिकारी ने सीधे तौर पर पाकिस्तान के दो दिग्गज तेज गेंदबाजों—शोएब अख्तर और मोहम्मद आसिफ का नाम लेकर सबको हैरान कर दिया। साल 2006 से 2010 तक गृह मंत्रालय में अपनी सेवाएं देने वाले मणि ने कहा, “हमने एक मामले में पाकिस्तानी क्रिकेटर शोएब अख्तर और मोहम्मद आसिफ को लेकर एक विस्तृत रिपोर्ट तैयार की थी। इसके बाद उन्हें पाकिस्तानी हाई कमिश्नर द्वारा वापस भेज दिया गया था। इन खिलाड़ियों ने खुद यह बात कबूल की थी कि वे अपने साथ ड्रग्स ले जा रहे थे। यह उनका पुराना बैकग्राउंड है।”
‘ड्रग्स तस्करी करना पाकिस्तान की ऑफिशियल पॉलिसी’
पूर्व अधिकारी यहीं नहीं रुके, उन्होंने पाकिस्तान की नीयत पर सवाल उठाते हुए इसे वहां की सरकार और एजेंसी की मिलीभगत बताया। उन्होंने दावा किया, “भारत में ड्रग्स की खेप भेजना और यहां की युवा पीढ़ी को बर्बाद करना पाकिस्तान की एक ऑफिशियल पॉलिसी (आधिकारिक नीति) का हिस्सा है। वे बहुत हाई-प्रोफाइल लोग हैं। पाकिस्तानी टीम के कई दूसरे खिलाड़ी भी इसी तरह की गतिविधियों में संलिप्त थे, जिनके नाम कभी खुलकर सामने नहीं आ पाए, लेकिन पूरी टीम में ऐसे लोग मौजूद थे जो इस काले धंधे को अंजाम देते थे।”
पूर्व पाक कोच बॉब वूल्मर की मौत पर भी उठाए बड़े सवाल
इस सनसनीखेज इंटरव्यू में आरवीएस मणि ने साल 2007 के क्रिकेट वर्ल्ड कप के दौरान हुई पाकिस्तान के तत्कालीन कोच बॉब वूल्मर की संदिग्ध मौत का मुद्दा भी दोबारा गरमा दिया है। याद दिला दें कि 18 मार्च 2007 को आयरलैंड के हाथों पाकिस्तान की शर्मनाक हार के ठीक बाद बॉब वूल्मर अपने होटल के कमरे में मृत पाए गए थे।
मणि ने दावा किया कि वूल्मर की मौत सामान्य नहीं थी, बल्कि इसका सीधा कनेक्शन इसी ड्रग्स सिंडिकेट से था। उन्होंने कहा, “पाकिस्तान के कोच बॉब वूल्मर ने खिलाड़ियों द्वारा की जा रही इस ड्रग्स तस्करी का कड़ा विरोध किया था, जिसके ठीक बाद संदिग्ध हालातों में उनकी जान चली गई। अगर आप सभी कड़ियों को जोड़कर देखेंगे तो सच सामने आ जाएगा। उस दौर में भारत में होने वाले आतंकी हमलों की करीब 30 प्रतिशत फंडिंग इसी ड्रग्स के कारोबार से आ रही थी।” इस खुलासे के बाद अब क्रिकेट जगत में एक नई बहस छिड़ गई है।












