नागपुर: महाराष्ट्र के नागपुर स्थित डिघोरी इलाके से एक बेहद खौफनाक और दिल नहला देने वाला मामला सामने आया है। पुलिस ने एक किराए के फ्लैट का दरवाजा तोड़कर 12वीं कक्षा की 16 वर्षीय छात्रा को सुरक्षित छुड़ाया है। पीड़िता एक वरिष्ठ सरकारी अधिकारी की बेटी है, जिसे आरोपी ने 24 घंटे से अधिक समय तक बंधक बनाकर रखा था। पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी ने पूरी साजिश के तहत छात्रा को नशीली चॉकलेट खिलाई, जिसके बाद उसके साथ अप्राकृतिक दुष्कर्म किया गया, चाबुक व चाकू से हमला किया गया और आपत्तिजनक वीडियो बनाकर ब्लैकमेल भी किया गया।
नशीली चॉकलेट देकर बनाया शिकार, दरवाजा तोड़कर पुलिस ने छुड़ाया
नागपुर पुलिस के मुताबिक, यह वारदात एक सोची-समझी साजिश का हिस्सा थी। आरोपी ने छात्रा को झांसे में लेकर नशीली चीजें मिली चॉकलेट खिलाई, जिससे वह बदहवास हो गई। इसके बाद आरोपी ने उसे बंधक बनाकर लंबे समय तक बर्बरता की और उसके आपत्तिजनक वीडियो व तस्वीरें बना लीं। जब सोमवार देर रात पुलिस टीम फ्लैट का दरवाजा तोड़कर अंदर दाखिल हुई, तो छात्रा लहूलुहान हालत में मिली। उसके शरीर पर चाकू से हमले और चाबुक के गहरे व गंभीर निशान पाए गए।
जांच में नहीं कर रहा सहयोग, मेडिकल टेस्ट और पासवर्ड देने से इनकार
गिरफ्तारी के बाद जब आरोपी को डॉक्टरी जांच और मेडिकल टेस्ट के लिए ले जाया गया, तो उसने पूरी प्रक्रिया में सहयोग करने से साफ मना कर दिया। आरोपी ने पीड़िता का मोबाइल फोन भी अपने पास छीनकर रखा हुआ था। पुलिस की पूछताछ के दौरान उसने अपने और पीड़िता, दोनों के फोन का पासवर्ड बताने से इनकार कर दिया है। हालांकि, शुरुआती जांच में पुलिस को आरोपी के पास से पीड़िता की कई आपत्तिजनक तस्वीरें और अश्लील वीडियो बरामद हो चुके हैं।
लॉकअप में नखरे: नाश्ते में पिज्जा और मखमली गद्दे की मांग
इतने संगीन और खौफनाक अपराध को अंजाम देने के बाद भी पुलिस हिरासत में आरोपी का अड़ियल रवैया और नखरे जारी हैं। आरोपी ने लॉकअप की दीवारों और गंदे शौचालय पर आपत्ति दर्ज कराई है। यही नहीं, उसने पुलिस से नाश्ते में पिज्जा, प्रीमियम खाना, सोने के लिए मखमली गद्दा और मच्छर भगाने के लिए रिपेलेंट (ऑल-आउट) दिए जाने की मांग की है। पुलिस ने मौके से नशीली गोलियां और हमले में इस्तेमाल किया गया चाकू जब्त कर लिया है। कोर्ट से आरोपी की रिमांड हासिल कर पुलिस आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।













